• Skip to Content
  • Sitemap
  • Advance Search
Others

भारत जल सप्ताह 2024

जल संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए वैश्विक सम्मेलन

Posted On: 23 SEP 2024 6:08PM

अवलोकन

भारत जल सप्ताह (आईडब्ल्यूडब्ल्यू) 2024 का 8वां संस्करण 17 से 20 सितंबर, 2024 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया गया। जल शक्ति मंत्रालय द्वारा आयोजित, यह प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम जल संसाधन प्रबंधन में सहयोग के लिए एक प्रमुख मंच के रूप में स्थापित हो गया है। इस कार्यक्रम का उद्घाटन भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने किया। इस अवसर पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी.आर. पाटिल और राज्य मंत्री श्री राज भूषण चौधरी भी उपस्थित थे।

वैश्विक जल विशेषज्ञों, सरकारी नेताओं और निजी क्षेत्र के प्रतिनिधियों की भागीदारी के साथ, इस कार्यक्रम का उद्देश्य जल प्रबंधन की महत्वपूर्ण चुनौतियों का समाधान करना, नवाचार को बढ़ावा देना एवं स्थायी जल कार्यप्रणालियों को बढ़ावा देना था।

विषय और फोकस

भारत जल सप्ताह 2024 का विषय "समावेशी जल विकास एवं प्रबंधन के लिए भागीदारी और सहयोग" था। इस विषय ने 21वीं सदी की बढ़ती जल चुनौतियों से निपटने के लिए अंतर-क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के महत्व और जल संरक्षण, प्रबंधन एवं जल संसाधनों तक समान पहुंच के लिए संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

 

    भारत जल सप्ताहः एक अंतर्राष्ट्रीय मंच

वर्ष 2012 में अपनी शुरुआत के बाद से, भारत जल सप्ताह वैश्विक जल कूटनीति के संदर्भ में एक एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम बन गया है   यह कार्यक्रम संवाद, नवाचार और ज्ञान साझा करने के लिए एक मंच प्रदान करता है। प्रत्येक संस्करण एक विशिष्ट जल-संबंधी मुद्दे पर केंद्रित होता है, जो नीति निर्माताओं, विशेषज्ञों और उद्योग जगत के प्रमुखों को समाधान पेश करने और सहकारी रणनीतियों की जानकारी जुटाने का अवसर प्रदान करता है।

 

 

राष्ट्रपति का अभिभाषण

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने उद्घाटन भाषण के दौरान जल की कमी को कम करने और सभी के लिए जल तक सतत पहुंच सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने भारत की प्राचीन जल प्रबंधन कार्यप्रणालियों का हवाला देते हुए जल संरक्षण और प्रबंधन में स्थानीय समुदायों की भूमिका पर जोर दिया।

राष्ट्रपति ने कहा कि पृथ्वी पर उपलब्ध कुल जल का केवल 2.5 % ही मीठा जल है। उसमें से भी केवल 1% ही मानव उपयोग के लिए उपलब्ध है। दुनिया के जल संसाधनों में भारत की हिस्सेदारी 4 % है। हमारे देश में उपलब्ध जल का लगभग 80  %कृषि क्षेत्र में उपयोग किया जाता है। उन्होंने कैच द रेन अभियान (2021) जैसी सफल पहलों के बारे में बताया, जिसका उद्देश्य पूरे देश में जल संरक्षण को प्रोत्साहित करना है। राष्ट्रपति ने जल संरक्षण के लिए एक जन आंदोलन का भी आह्वान किया, जिसमें नागरिकों से जल के बढ़ते संकट को दूर करने के लिए "जल योद्धा" बनने का आग्रह किया।

भारत जल सप्ताह 2024 की मुख्य विशेषताएं

 

2024 के संस्करण में जल-संबंधी चुनौतियों पर संवाद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सम्मेलनों, प्रदर्शनियों और अध्ययन दौरों का आयोजन किया गया । कुछ प्रमुख सत्रों में शामिल थे:

 

  • उद्घाटन सत्र और मंत्रिस्तरीय पूर्ण बैठक: माननीय राष्ट्रपति, मंत्री और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों ने जल प्रबंधन के लिए अपने दृष्टिकोण और रणनीतियों को साझा किया।
  • वैश्विक जल प्रमुखों की पूर्ण बैठक: अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों ने वैश्विक जल संकट और संभावित समाधानों पर चर्चा की।
  • वाटर लीडर्स फोरम: सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों के प्रतिभागियों ने जल प्रबंधन के मुद्दों पर चर्चा की।
  • कंट्री फोरम : डेनमार्क, इज़राइल, ऑस्ट्रेलिया और सिंगापुर जैसे देशों ने अपने जल-संबंधी नवाचारों और अनुभवों को प्रस्तुत किया।
  • प्रैक्टिशनर्स फोरम: जल प्रबंधन में सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को साझा करने के लिए सरकारी और निजी क्षेत्र के प्रतिनिधियों के लिए एक मंच।
  • जल सम्मेलन: शोधकर्ताओं ने विभिन्न जल-संबंधी विषयों पर शोधपत्र प्रस्तुत किए, जिससे इस क्षेत्र में गहन जानकारी मिली।
  • स्टार्टअप फोरम: स्टार्टअप्स के लिए जल क्षेत्र में अभिनव विचारों और प्रौद्योगिकियों को पेश करने के लिए एक मंच।
  • प्रदर्शनी: 4,800 वर्ग मीटर में फैली इस प्रदर्शनी में ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, कनाडा, यूके, यूएसए और कई अफ्रीकी देशों सहित कई देशों की अत्याधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया गया।
  • समापन सत्र: आयोजन की प्रमुख अंतर्दृष्टि और परिणामों पर चिंतन।
  • राष्ट्रीय सुरक्षित जल संवाद: राष्ट्रीय सुरक्षित जल संवाद ने जल जीवन मिशन के प्रभाव को प्रदर्शित किया, जिसमें जल कीटाणुशोधन प्रौद्योगिकियों को बड़े पैमाने पर लागू करने से जुड़ी सीख, सामुदायिक जुड़ाव और जल जीवन मिशन के प्रभाव आकलन जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

 

 

अंतर्राष्ट्रीय वॉश सम्मेलन

जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (डीडीडब्ल्यूएसद्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय वॉश सम्मेलन आईडब्ल्यूडब्ल्यू 2024 का मुख्य आकर्षण था। इस सम्मेलन में जल, स्वच्छता और स्वास्थ्य (वॉश) में वैश्विक सहयोग पर ध्यान केंद्रित किया गया, जिसका उद्देश्य स्वच्छता संबंधी चुनौतियों का समाधान करना और स्वच्छता मानकों को बढ़ावा देना था।

यह सम्मेलन 17 से 19 सितंबर 2024 के बीच नई दिल्ली में आयोजित किया गया था। ‘ग्रामीण जल आपूर्ति को बनाए रखना’ विषय पर केंद्रित इस तीन दिवसीय सम्मेलन ने ज्ञान के आदान-प्रदान, नवाचारों को प्रदर्शित करने और वैश्विक वॉश चुनौतियों का समाधान करने के उद्देश्य से सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को साझा करने के लिए एक मंच प्रदान किया, जिसमें सतत विकास लक्ष्य 6 (एसडीजी 6) को प्राप्त करने पर विशेष ध्यान दिया गया।

 

 

इस कार्यक्रम में 40 से अधिक सत्र (ऑफ़लाइन और ऑनलाइन), 143 ऑफ़लाइन पेपर प्रस्तुतियां, 43 ऑनलाइन पेपर प्रस्तुतियां और 5 पैनल चर्चाएं शामिल थीं, जिसमें जल गुणवत्ता, ग्रेवाटर प्रबंधन, सामुदायिक जुड़ाव, सूचना, शिक्षा एवं व्यवहार परिवर्तन संचार (आईईसी/बीसीसी) पहल और जलवायु परिवर्तन अनुकूलन जैसे विषयों की एक विस्तृत श्रृंखला पर चर्चा की गई।

अंतर्राष्ट्रीय वॉश सम्मेलन 2024 महत्वपूर्ण परिणामों के साथ संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम ने जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन जैसी पहलों के माध्यम से ग्रामीण जल प्रबंधन में भारत की भूमिका को दर्शाया साथ ही भविष्य की जल चुनौतियों से निपटने के लिए वैश्विक भागीदारी, समुदाय प्रयासों और प्रौद्योगिकी-आधारित नवाचारों की आवश्यकता पर भी जोर दिया

 

प्रदर्शनी

 

4,800 वर्ग मीटर क्षेत्र में आयोजित भारत जल सप्ताह 2024 प्रदर्शनी में दुनिया भर से 143 प्रदर्शकों ने भाग लिया। प्रदर्शकों ने जल प्रबंधन की अत्याधुनिक तकनीकों और समाधानों का प्रदर्शन किया, जिसमें इस क्षेत्र में स्थायी कार्यप्रणालियों और नवाचारों पर ध्यान केंद्रित किया गया।

 

प्रदर्शनी का उद्देश्य प्रदर्शकों को जल संरक्षण से जुड़े  सरल उपायों को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना था, जो हमें जल के साथ न्यायसंगत विकास के सपने को साकार करने में मदद कर सकते हैं। यह प्रदर्शनी विभिन्न समूहों के लिए संभावित व्यावसायिक साझेदारों और संभावित विस्तार के अवसरों को खोजने का एक उत्कृष्ट अवसर भी थी। इन लाभों के अलावा, यह “समावेशी जल विकास एवं प्रबंधन के लिए भागीदारी और सहयोग” के क्षेत्र में ब्रांड-निर्माण प्रक्रिया के लिए एक अनूठा अवसर भी था।

 

समापन सत्र

 

8वें भारत जल सप्ताह (आईडब्ल्यूडब्ल्यू) 2024 का समापन सत्र 19 सितंबर 2024 को नई दिल्ली में हुआ। इसकी अध्यक्षता केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी.आर. पाटिल ने की जिसमे राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी उपस्थित थे। इस सत्र में भूजल विनियमन के लिए भू-नीर पोर्टल का शुभारंभ किया गया। जल संसाधनों एवं सिंचाई परियोजनाओं पर महत्वपूर्ण प्रकाशनों का विमोचन भी किया गया।

प्रमुख प्रदर्शक पुरस्कार

समापन सत्र के दौरान, चार श्रेणियों में प्रदर्शकों को पुरस्कार प्रदान किए गए:

  • सर्वश्रेष्ठ केंद्रीय मंत्रालय/संगठन: सीडब्ल्यूपीआरएस, पुणे
  • सर्वश्रेष्ठ राज्य सरकार: केरल
  • सर्वश्रेष्ठ उद्योग: आयन-एक्सचेंज इंडिया लिमिटेड
  • सर्वश्रेष्ठ स्टार्टअप: ब्लूवर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मुंबई

 

भारत जल सप्ताह 2024 से मुख्य बातें

भारत जल सप्ताह 2024 कई महत्वपूर्ण बातों के साथ संपन्न हुआ:

  • सहयोग और सहकारिता: जल सुरक्षा सिर्फ विभिन्न क्षेत्रों और सीमाओं के पार भागीदारी के माध्यम से ही प्राप्त की जा सकती है।
  • जल प्रबंधन में नवाचार: जल संसाधन प्रबंधन की भविष्य की चुनौतियों का समाधान करने के लिए स्टार्टअप और तकनीकी नवाचार महत्वपूर्ण हैं।
  • सामुदायिक भागीदारी: स्थानीय समुदाय जल संरक्षण प्रयासों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, और सतत विकास को प्राप्त करने के लिए उनकी भागीदारी महत्वपूर्ण है।
  • नीतिगत सिफारिशें: इस कार्यक्रम ने जलवायु अनुकूल, बुनियादी ढांचे के विकास और भूजल प्रबंधन में चुनौतियों का समाधान करते हुए सतत जल शासन के लिए कई नीतिगत सिफारिशें कीं।

निष्कर्ष

भारत जल सप्ताह 2024 एक ऐतिहासिक आयोजन था, जहाँ 21वीं सदी में जल प्रबंधन से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए हितधारकों के विविध समूह एक मंच पर एकत्रित हुए । इस आयोजन ने भागीदारी, सहयोग और नवाचार के माध्यम से जल विकास के लिए अधिक स्थायी और समावेशी दृष्टिकोण का मार्ग प्रशस्त किया, जिससे सभी के लिए जल संसाधन समान रूप से उपलब्ध हो सकें ।

संदर्भ

https://indiawaterweek.in/

https://ejalshakti.gov.in/IWC

https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2055582

https://pib.gov.in/PressReleaseIframePage.aspx?PRID=2056839

https://pib.gov.in/PressReleaseIframePage.aspx?PRID=2056832

Click here to download PDF

******

संतोष कुमार / ऋतु कटारिया /मदीहा इक़बाल

(Backgrounder ID: 153182) Visitor Counter : 1212
Provide suggestions / comments
Link mygov.in
National Portal Of India
STQC Certificate