शिक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

IIT जोधपुर ने विकसित की अगली पीढ़ी की हल्की और मजबूत धातु मिश्रधातु, 1,000 डिग्री सेल्सियस तापमान पर भी ऑक्सीकरण से बचाने में सक्षम

रक्षा, एयरोस्पेस और हाइपरसोनिक तकनीक के क्षेत्र में मिल सकती है बड़ी मदद; कम वजन, अधिक मजबूती और बेहतर ताप प्रतिरोध इसकी प्रमुख विशेषताएं

प्रविष्टि तिथि: 10 NOV 2026 3:08PM by PIB Jaipur

भारत के रक्षा, अंतरिक्ष और विमानन क्षेत्र के लिए उन्नत तकनीक विकसित करने की दिशा में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान जोधपुर (IIT Jodhpur) के शोधकर्ताओं ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्थान के मैटेरियल्स इंजीनियरिंग विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सौरभ नेने के नेतृत्व में शोध दल ने एक नई पीढ़ी की हल्की और मजबूत धातु मिश्रधातु (मेटल अलॉय) विकसित की है, जो 1,000 डिग्री सेल्सियस तक के अत्यधिक तापमान पर भी ऑक्सीकरण से बेहतर सुरक्षा प्रदान करती है। इस शोध दल में डॉ. धर्मेंद्र यादव (पोस्टडॉक्टोरल फेलो), डॉ. अक्षत दत्ता (पोस्टडॉक्टोरल फेलो) और श्री आदित्य बालपांडे (पीएचडी शोधार्थी) शामिल हैं।

इस नई मिश्रधातु को नायोबियम (Niobium) आधारित रिफ्रैक्टरी कॉम्प्लेक्स लीन अलॉय (Refractory Complex Lean Alloy - RCLA) कहा गया है। इसे विशेष रूप से ऐसे कठिन वातावरण में काम करने के लिए तैयार किया गया है, जहां बहुत अधिक तापमान और ऑक्सीकरण जैसी चुनौतियां होती हैं। यह मिश्रधातु पहले से इस्तेमाल हो रही पारंपरिक उच्च तापमान वाली धातुओं की कई सीमाओं को दूर करने की क्षमता रखती है। इनमें C-103 नाम से जानी जाने वाली नायोबियम आधारित मिश्रधातु भी शामिल है।

यह शोध अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका Materials & Design (Elsevier) में प्रकाशित हुआ है। इस शोध का उद्देश्य ऐसी धातु विकसित करना है, जो अत्यधिक तापमान सहन कर सके, वजन में हल्की हो, मजबूत हो और सामान्य तापमान पर भी आसानी से आकार देने और ढालने योग्य हो। ऐसी धातुओं की जरूरत भविष्य के विमानों, हाइपरसोनिक वाहनों, रॉकेट इंजन और आधुनिक रक्षा प्रणालियों में होती है।

कम वजन, अधिक मजबूती और बेहतर ताप प्रतिरोध का अनूठा मेल

आमतौर पर अत्यधिक तापमान पर काम आने वाली धातुएं काफी मजबूत होती हैं, लेकिन उनमें कुछ बड़ी चुनौतियां भी होती हैं। उनका वजन अधिक होता है, सामान्य तापमान पर उन्हें मनचाहा आकार देना मुश्किल होता है और अधिक तापमान पर हवा के संपर्क में आने से उनकी सतह पर ऑक्सीकरण होने लगता है, जिससे उनकी गुणवत्ता और मजबूती प्रभावित हो सकती है।

IIT जोधपुर की शोध टीम ने इन चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए एक नई तकनीक अपनाई, जिसे कॉम्प्लेक्स लीन अलॉय (CLA) डिजाइन कहा जाता है। इसमें महंगे और भारी तत्वों का अधिक मात्रा में इस्तेमाल करने के बजाय अलग-अलग तत्वों का सही अनुपात तय करके बेहतर गुणों वाली मिश्रधातु तैयार की जाती है।

नई विकसित मिश्रधातु का घनत्व लगभग 7.6 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर है। यह कई पारंपरिक उच्च तापमान वाली मिश्रधातुओं की तुलना में काफी हल्की है, जिनका घनत्व सामान्यतः 10 से 12 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर या इससे अधिक होता है। यह C-103 और WC3009 जैसी पारंपरिक नायोबियम आधारित मिश्रधातुओं से भी हल्की है, जिनका घनत्व लगभग 9 से 10 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर होता है।

विमानन और रक्षा क्षेत्र में कम वजन वाली सामग्री का विशेष महत्व है। इससे विमानों और अन्य उपकरणों का कुल वजन कम किया जा सकता है, ईंधन की बचत हो सकती है और अधिक वजन या उपकरण ले जाने की क्षमता बढ़ सकती है।

1,000 डिग्री तापमान पर भी ऑक्सीकरण से बेहतर सुरक्षा

इस शोध की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है नई मिश्रधातु की अत्यधिक तापमान पर भी ऑक्सीकरण का सामना करने की क्षमता।

शोध के दौरान इस मिश्रधातु को लगातार 24 घंटे तक 1,000 डिग्री सेल्सियस तापमान पर रखा गया। परीक्षण में इसकी सतह पर ऑक्सीकरण के कारण वजन में केवल 43.48 मिलीग्राम प्रति वर्ग सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, समान परिस्थितियों में पारंपरिक C-103 मिश्रधातु में यह वृद्धि 258 मिलीग्राम प्रति वर्ग सेंटीमीटर रही।

इसका अर्थ है कि नई विकसित मिश्रधातु ने समान तापमान और समय में पारंपरिक C-103 की तुलना में ऑक्सीकरण के प्रति कहीं बेहतर प्रतिरोध दिखाया।

शोधकर्ताओं के अनुसार, इसका प्रमुख कारण है कि अधिक तापमान पर इस धातु की सतह पर एक सघन और सुरक्षात्मक परत बन जाती है। यह परत ऑक्सीजन को धातु के अंदर पहुंचने से रोकती है और ऑक्सीकरण की प्रक्रिया को धीमा कर देती है। परीक्षण के दौरान इसमें ऑक्सीकरण से होने वाली पेस्टिंग (Pesting) नामक समस्या के भी कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिले।

मजबूत होने के साथ सामान्य तापमान पर भी आकार देना आसान

नई मिश्रधातु की खासियत केवल इसका कम वजन और तापमान सहने की क्षमता ही नहीं है, बल्कि सामान्य तापमान पर भी इसके बेहतर यांत्रिक गुण सामने आए हैं।

परीक्षण में इस मिश्रधातु ने लगभग 29 प्रतिशत तक दबाव के कारण होने वाले आकार परिवर्तन (Compressive Strain) को सहन किया। इसकी सामान्य तापमान पर यील्ड स्ट्रेंथ (Yield Strength) 1.13 GPa दर्ज की गई। इसका अर्थ है कि यह काफी अधिक दबाव सहने के बाद भी अपनी मजबूती बनाए रखने की क्षमता रखती है।

इस मिश्रधातु के निर्माण में महंगे और सीमित उपलब्धता वाले तत्वों के इस्तेमाल को भी कम किया गया है। शोध में शामिल पारंपरिक मिश्रधातु प्रणालियों की तुलना में इसकी अनुमानित लागत लगभग 11 गुना तक कम हो सकती है। इसके लिए नायोबियम, टंगस्टन और टैंटलम जैसे महंगे तत्वों का सीमित इस्तेमाल किया गया है, जबकि हाफ्नियम (Hafnium) का इस्तेमाल पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है। हाफ्नियम एक दुर्लभ और महंगा तत्व है, जिसका उपयोग C-103 जैसी पारंपरिक मिश्रधातुओं में किया जाता है।

डॉ. सौरभ नेने ने बताया शोध का महत्व

इस उपलब्धि पर डॉ. सौरभ नेने, एसोसिएट प्रोफेसर, मैटेरियल्स इंजीनियरिंग विभाग, IIT जोधपुर ने कहा:

“इस शोध के पीछे हमारा मुख्य उद्देश्य यह समझना था कि अत्यधिक तापमान पर काम आने वाली धातुओं को एक नए तरीके से कैसे विकसित किया जा सकता है। आमतौर पर ऐसी धातुओं में कम वजन, मजबूती, आसानी से आकार देने की क्षमता और ऑक्सीकरण से बचाव के बीच संतुलन बनाना एक बड़ी चुनौती होती है। हमने कॉम्प्लेक्स लीन अलॉय डिजाइन के माध्यम से यह दिखाया है कि सही अनुपात में तत्वों का चयन करके इन सभी गुणों को एक ही धातु में प्राप्त किया जा सकता है।

1,000 डिग्री सेल्सियस तापमान पर बेहतर ऑक्सीकरण प्रतिरोध, कम वजन और सामान्य तापमान पर अच्छे यांत्रिक गुण हासिल करना हमारे लिए उत्साहजनक उपलब्धि है। इस शोध की एक और महत्वपूर्ण बात यह है कि धातु की परिकल्पना और डिजाइन से लेकर उसके निर्माण, प्रसंस्करण और परीक्षण तक का पूरा काम IIT जोधपुर में ही किया गया है। यह भारत की रणनीतिक और उन्नत तकनीकी जरूरतों के लिए नई सामग्री विकसित करने की दिशा में एक मजबूत आधार तैयार करता है।”

उन्नत धातुओं के निर्माण में IIT जोधपुर की स्वदेशी क्षमता को मजबूती

इस शोध की उपलब्धि केवल नई मिश्रधातु विकसित करने तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से IIT जोधपुर ने अत्याधुनिक धातुओं के निर्माण और प्रसंस्करण की अपनी स्वदेशी क्षमता को भी मजबूत किया है।

संस्थान में विशेष सुविधाओं की मदद से नियंत्रित परिस्थितियों में धातुओं को पिघलाने, दोबारा पिघलाने और ढालने की प्रक्रिया की जाती है। इसके माध्यम से 20 से 200 ग्राम तक के दोषरहित और एकसमान संरचना वाले मिश्रधातु नमूने तैयार किए जा सकते हैं।

इस तरह की धातुओं को तैयार करना आसान नहीं होता, क्योंकि इनके निर्माण के दौरान कई प्रकार की तकनीकी खामियां आने की आशंका रहती है। इसलिए इस स्तर पर लगातार अच्छी गुणवत्ता वाली मिश्रधातु तैयार करने की क्षमता देश के शोध संस्थानों के लिए महत्वपूर्ण है।

200 ग्राम तक के धातु के नमूने तैयार करने की सुविधा से वैज्ञानिक उनकी मजबूती की जांच, उच्च तापमान पर परीक्षण और आगे की तकनीकी प्रक्रियाओं पर काम कर सकते हैं। इससे प्रयोगशाला में विकसित सामग्री को भविष्य में बड़े स्तर पर औद्योगिक उत्पादन तक पहुंचाने का रास्ता तैयार होगा।

इस पूरे शोध में कंप्यूटर आधारित मॉडलिंग, धातु की संरचना का निर्धारण, निर्माण, प्रसंस्करण, सूक्ष्म संरचना का अध्ययन और ऑक्सीकरण परीक्षण सहित सभी कार्य IIT जोधपुर में ही किए गए। इस शोध को किसी विदेशी संस्थान के सहयोग के बिना पूरा किया गया है। यह उन्नत सामग्री के क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भर शोध और निर्माण क्षमता को दर्शाता है।

रक्षा, विमानन और अंतरिक्ष क्षेत्र में भविष्य की संभावनाएं

इस नई मिश्रधातु से भविष्य में ऐसे उपकरणों और उनके हिस्सों को विकसित करने में मदद मिल सकती है, जिन्हें अत्यधिक तापमान और दबाव का सामना करना पड़ता है।

इसके संभावित उपयोगों में हाइपरसोनिक और पृथ्वी के वायुमंडल में दोबारा प्रवेश करने वाले वाहन (Re-entry Vehicles), रॉकेट इंजन और आधुनिक रक्षा प्रणालियां शामिल हैं।

हालांकि, ये अभी भविष्य में संभावित उपयोग के क्षेत्र हैं। इन तकनीकों में वास्तविक इस्तेमाल से पहले मिश्रधातु का और अधिक परीक्षण तथा विकास किया जाना आवश्यक है।

आगे की योजना: बड़े स्तर पर निर्माण और उच्च तापमान पर परीक्षण

शोध के उत्साहजनक परिणामों के बाद अब टीम इस मिश्रधातु की क्षमता को और विस्तार से परखने की दिशा में काम करेगी। इसके तहत अधिक तापमान पर इसकी मजबूती, लंबे समय तक लगातार दबाव में काम करने की क्षमता (Creep) और बार-बार लगने वाले दबाव से होने वाली थकान (Fatigue) का परीक्षण किया जाएगा।

इसके साथ ही, इस मिश्रधातु को बड़े स्तर पर तैयार करने की प्रक्रिया पर भी काम होगा, ताकि भविष्य में इसे औद्योगिक और वास्तविक तकनीकी जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जा सके।

रणनीतिक क्षेत्रों में आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

रक्षा, विमानन, ऊर्जा और अंतरिक्ष जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उन्नत सामग्री की भूमिका बेहद अहम है। इन क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनने के लिए देश में ही नई धातुओं का डिजाइन, निर्माण और परीक्षण करने की क्षमता विकसित करना आवश्यक है।

IIT जोधपुर का यह शोध दर्शाता है कि देश के संस्थान वैज्ञानिक अनुसंधान, स्वदेशी निर्माण तकनीक और इंजीनियरिंग के माध्यम से जटिल तकनीकी चुनौतियों का समाधान खोजने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। यह उपलब्धि भविष्य की ऐसी धातुओं के विकास का रास्ता खोलती है, जो वजन में हल्की, अधिक मजबूत और अत्यधिक तापमान में भी बेहतर प्रदर्शन करने में सक्षम होंगी।

IIT जोधपुर के बारे में

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान जोधपुर (IIT Jodhpur) भारत सरकार द्वारा स्थापित राष्ट्रीय महत्व का संस्थान है। राजस्थान में स्थित यह संस्थान शिक्षा, शोध, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न विषयों के बीच सहयोग से किए जा रहे शोध, आधुनिक तकनीक के विकास और उद्योगों के साथ साझेदारी के माध्यम से संस्थान विज्ञान, इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी से जुड़ी राष्ट्रीय एवं वैश्विक चुनौतियों के समाधान की दिशा में कार्य कर रहा है।

शोध प्रकाशन:
शोध पत्रिका: Materials & Design (Elsevier)

शोध पत्र का लिंक:
https://www.sciencedirect.com/science/article/pii/S026412752601909X

00000


(रिलीज़ आईडी: 2334619) आगंतुक पटल : 60