ग्रामीण विकास मंत्रालय
सरस शक्ति फूड फेस्टिवल महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण उद्यमिता का सशक्त उदाहरण: शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री ने सुंदर नर्सरी में सरस शक्ति फूड फेस्टिवल 2026 का उद्घाटन किया
देशभर की 500 से अधिक महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों के प्रदर्शन का मिला अवसर
प्रविष्टि तिथि:
23 NOV 2026 8:27PM by PIB Delhi
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित सुंदर नर्सरी में 'सरस शक्ति फूड फेस्टिवल 2026' का उद्घाटन किया। 21 नवंबर से 8 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस फूड फेस्टिवल में देशभर के विभिन्न राज्यों की महिला स्वयं सहायता समूहों की उद्यमी अपने पारंपरिक व्यंजनों, स्थानीय खानपान और क्षेत्रीय पाक कला का प्रदर्शन कर रही हैं।
_20261123203139_4e5ecb.jpeg)
इस अवसर पर श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरस शक्ति फूड फेस्टिवल में देश के विभिन्न राज्यों से आई बहनों ने अपने हुनर, मेहनत और पाक कला से इस आयोजन को विशेष पहचान दी है। उन्होंने कहा कि मेले की अभी शुरुआत ही हुई है, लेकिन पहले से ही यहां बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति उत्साहजनक है। यह आयोजन ग्रामीण महिलाओं की प्रतिभा और उद्यमशीलता को सामने लाने का एक महत्वपूर्ण मंच है।

श्री चौहान ने कहा कि सरस शक्ति फूड फेस्टिवल महिला सशक्तिकरण का एक सशक्त उदाहरण है। आजीविका मिशन के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी अनेक महिलाएं लखपति दीदी बनने के बाद अब करोड़पति दीदी बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं की मेहनत और कौशल को बाजार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
_20261123203202_21e7ff.jpeg)
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरस मेले के माध्यम से एक ओर ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों और हुनर के प्रदर्शन के लिए बेहतर मंच तथा बाजार उपलब्ध हो रहा है, वहीं दूसरी ओर दिल्ली-एनसीआर के लोगों को देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों और उनके विशिष्ट स्वाद का अनुभव करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यहां गिर गाय के घी से लेकर उत्तराखंड की बाल मिठाई और बिहार के लिट्टी-चोखा तक देश की विविध खानपान परंपराओं का स्वाद चखने को मिलेगा। यह हमारी दीदियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों और व्यंजनों को दिल्ली के उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों का मिलेगा स्वाद
_20261123203256_d91800.jpeg)
सरस शक्ति फूड फेस्टिवल में 90 से अधिक फूड स्टॉल लगाए गए हैं, जहां बिहार का लिट्टी-चोखा, तेलंगाना की हैदराबादी दम बिरयानी, पंजाब की मक्के की रोटी और सरसों का साग, असम की मशरूम पीठा, केरल के अट्टापडी क्षेत्र के पारंपरिक वन उत्पादों से तैयार व्यंजन और छत्तीसगढ़ का चौसेला सहित अनेक क्षेत्रीय व्यंजनों का स्वाद चखने को मिलेगा।
_20261123203320_0c929e.jpeg)
इस आयोजन में देशभर के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 500 से अधिक महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों और पाक कला का प्रदर्शन करने तथा संभावित खरीदारों से सीधे जुड़ने का अवसर मिल रहा है। इसके माध्यम से महिला उद्यमियों के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने, उनकी पहचान और ब्रांडिंग को मजबूत करने तथा कारोबार के नए अवसर विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

सुबह 11:30 बजे से रात 9:30 बजे तक ले सकेंगे मेले का आनंद
_20261123203412_79ab24.jpeg)
सुंदर नर्सरी में आयोजित यह फूड फेस्टिवल प्रतिदिन सुबह 11:30 बजे से रात 9:30 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। दिल्ली-एनसीआर के निवासी यहां देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों के साथ ग्रामीण महिला उद्यमियों के कौशल, स्थानीय उत्पादों और भारत की समृद्ध खानपान विविधता का अनुभव कर सकेंगे।
_20261123203432_ed9c9f.jpeg)

***
PU
(रिलीज़ आईडी: 2340592)
आगंतुक पटल : 134