राष्ट्रीय वित्तीय रिपोर्टिंग प्राधिकरण
azadi ka amrit mahotsav

राष्ट्रीय वित्तीय रिपोर्टिंग प्राधिकरण और सोसाइटी ऑफ ऑडिटर्स, चेन्नई ने ऑडिट प्रोफेशनल्स के लिए संपर्क कार्यक्रम आयोजित किया; बेहतर वित्तीय रिपोर्टिंग पारिस्थितिकी बनाना और ऑडिट की गुणवत्ता में सुधार करना था कार्यक्रम का उद्देश्य

प्रविष्टि तिथि: 28 NOV 2026 1:07PM by PIB Delhi

राष्ट्रीय वित्तीय रिपोर्टिंग प्राधिकरण (एनएफआरए) ऑडिट प्रोफेशनल्स के लिए संपर्क कार्यक्रमों और कार्यशालाओं का आयोजन कर रहा है। इस शृंखला को आगे बढ़ाते हुए, एनएफआरए ने हाल ही में 21 नवंबर 2026 को चेन्नई में 'सोसाइटी ऑफ ऑडिटर्स, चेन्नई' के साथ मिलकर एक दिवसीय संपर्क कार्यक्रम और कार्यशाला का आयोजन किया। इसका विषय "बेहतर वित्तीय रिपोर्टिंग पारिस्थितिकी का निर्माण" था। इस कार्यक्रम में 200 से अधिक प्रोफेशनल्स ने हिस्सा लिया। इसका मुख्य उद्देश्य ऑडिट की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में सहयोग देना था।

एनएफआरए के चेयरपर्सन श्री नितिन गुप्ता ने चेन्नई में आयोजित इस कार्यशाला का उद्घाटन किया। श्री गुप्ता ने 2047 तक भारत को 'विकसित राष्ट्र' बनाने, जनहित की रक्षा करने और वित्तीय रिपोर्टिंग में भरोसा कायम करने में इस पेशे के योगदान पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ऑडिट सहित मजबूत वित्तीय रिपोर्टिंग पारिस्थितिकी, पूंजी निवेश को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

श्री नितिन गुप्ता ने इस बात पर बल दिया कि तकनीक में हो रहे तेजी से बदलावों को देखते हुए, ऑडिट फर्मों को ऑडिट की गुणवत्ता पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। इसके साथ ही, उन्हें बड़ी और जटिल संस्थाओं के ऑडिट के लिए अपनी क्षमता का विस्तार करते रहना चाहिए।

एनएफआरए की पूर्णकालिक सदस्य सुश्री स्मिता झिंगरन ने भी कार्यशाला को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि एनएफआरए किस तरह अपने वार्षिक निरीक्षणों के माध्यम से ऑडिट की गुणवत्ता सुधारने के लिए निगरानी और देखरेख का कार्य करता है।

इस संपर्क कार्यक्रम में ऑडिट प्रैक्टिस के मुख्य पहलुओं पर केंद्रित तकनीकी सत्र भी हुए। उनमें ऑडिट रणनीति, दस्तावेज़ीकरण, ऑडिट सैंपलिंग, वित्तीय विवरणों में बड़ी त्रुटि (मटेरियल मिसस्टेटमेंट) का जोखिम और ऑडिट को पूरा करना जैसे विषय शामिल थे। नियामक के विचारों और दृष्टिकोणों को साझा करने तथा फीडबैक प्राप्त करने के लिए, एनएफआरए के अध्यक्ष श्री नितिन गुप्ता और पूर्णकालिक सदस्य सुश्री स्मिता झिंगरन ने 'ओपन हाउस' सत्र आयोजित किया। इसमें खुलकर चर्चा की गई और प्रतिभागियों के प्रश्नों के उत्तर दिए गए।

इस कार्यशाला में बड़ी संख्या में ऑडिट प्रोफेशनल्स ने सक्रिय और उत्साहपूर्ण भागीदारी की। विविध प्रकार के प्रतिभागियों की मौजूदगी से सार्थक बातचीत, विचार-विमर्श और विभिन्न आकार की फर्मों में ऑडिट की गुणवत्ता से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा संभव हो सकी। इससे पूरी चर्चा और अधिक समृद्ध हुई।

*******

पीके/केसी/आरटी/पीके


(रिलीज़ आईडी: 2342993) आगंतुक पटल : 52
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English