सूचना और प्रसारण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

‘हनुमान अंश’ में नीम करोली बाबा की आध्यात्मिक यात्रा का चित्रण, दर्शकों को अपने भीतर झांकने का अवसर


“आप पहले शरीर में रहते हैं, फिर दुनिया में”: फिल्म की सादगी, आत्म-खोज और आध्यात्मिक जागृति के दर्शन पर निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी

क्या हो यदि जीवन के सबसे जटिल प्रश्नों के उत्तर हमारे आसपास की सबसे सरल चीज़ों में ही छिपे हों? नीम करोली बाबा की आध्यात्मिक यात्रा के माध्यम से इसी विचार की पड़ताल करती फिल्म हनुमान अंश-जिसे 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) 2026 के इंडियन पैनोरमा खंड में प्रदर्शित किया गया है- दर्शकों को ठहरने, चिंतन करने और अपने भीतर झांकने के लिए आमंत्रित करती है। डॉ. विशाल चतुर्वेदी द्वारा निर्देशित यह फिल्म वर्तमान उत्तर प्रदेश के एक गांव में जन्मे लक्ष्मीनारायण के जीवन को दर्शाती है, जिनकी जीवन, मृत्यु और मानवीय पीड़ा को समझने की जिज्ञासा उन्हें धीरे-धीरे एक ऐसे आध्यात्मिक मार्ग पर ले जाती है जो अनगिनत लोगों के जीवन को स्पर्श करता है।

आज पीआईबी द्वारा आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने फिल्म के पीछे की प्रेरणा और इसके निर्माण को आकार देने वाले रचनात्मक दर्शन के बारे में बात की। अधिक जानने और खोजने के लिए प्रोत्साहित करने का श्रेय अपनी मां को देते हुए, उन्होंने इस फिल्म को अंतर्मुखी होकर स्वयं को देखने का एक निमंत्रण बताया। डॉ. चतुर्वेदी ने फिल्म की कथा और ज़मीनी हकीकत के बीच की खाई को पाटने की आवश्यकता पर भी ज़ोर दिया। उन्होंने समझाया कि दर्शकों से सहज और आकर्षक तरीके से जुड़ने के लिए किसी भी कहानी का जीवंत अनुभवों से जुड़ा होना आवश्यक है।

फिल्म के निर्माण के बारे में बात करते हुए डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि इसे एक सामान्य मध्यम-बजट की हिंदी फिल्म के लगभग दसवें हिस्से के बजट में बनाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह दृष्टिकोण सादगी और न्यूनतमवादी संवेदनशीलता (मिनिमलिस्टिक सेंसिबिलिटी) से प्रेरित था, जो फिल्म में दर्शाई गई आध्यात्मिक यात्रा के मूल सार को प्रतिबिंबित करता है। जीवन को सरल बनाने और अनावश्यक जटिलताओं से दूर रहने की आवश्यकता पर बल देते हुए डॉ. विशाल ने कहा कि सरल समाधान अक्सर हमारे ठीक बगल में ही मौजूद होते हैं, लेकिन आधुनिक जीवन की जटिलताओं के बीच वे अनदेखे रह जाते हैं।

निर्देशक ने संगीत और अभिनय के प्रति अपने दृष्टिकोण के बारे में भी जानकारी साझा की और रचनात्मक प्रतिभा को फलने-फूलने का अवसर देने के महत्व पर प्रकाश डाला। फिल्म के संगीत के साथ अपने व्यक्तिगत जुड़ाव का उल्लेख करते हुए डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि गायकों की पहचान बहुत पहले ही कर ली गई थी, जिसका उद्देश्य उन्हें अपनी क्षमता को पहचानने और फिल्म की रचनात्मक यात्रा में सार्थक योगदान देने का अवसर प्रदान करना था। उन्होंने अभिनेताओं को भी अपनी क्षमताओं को तलाशने के लिए व्यापक रचनात्मक स्वतंत्रता देने का प्रयास किया, क्योंकि उनका मानना है कि एक फिल्म निर्माता की भूमिका अभिनेता की प्रतिभा को निर्देशित करने के बजाय उसे सही दिशा देने की होनी चाहिए।

संगीत रचना के बारे में विस्तार से बताते हुए चतुर्वेदी ने साझा किया कि 'पार्वती' गीत का संगीत काफी हद तक इसके मूल प्रारंभिक संस्करण में ही रखा गया है, जिसमें बहुत कम बदलाव किए गए हैं, ताकि संगीतकार की आवाज़ और अभिव्यक्ति स्वाभाविक रूप से उभर कर सामने आ सके। उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म का एक गीत 11वीं सदी के नाथ योगी गोरखनाथ के दोहों से प्रेरित है, जो फिल्म के आध्यात्मिक विषयों और भारत की दार्शनिक परंपराओं की समृद्धि को एक साथ जोड़ता है। अपने स्वयं के जीवन का मार्गदर्शन करने वाली शिक्षाओं पर विचार करते हुए चतुर्वेदी ने भगवद्गीता से भगवान श्रीकृष्ण के संदेश का उल्लेख किया और फल की आसक्ति के बिना कर्म करने के महत्व पर बल दिया।

पर्दे के पीछे का एक रोचक किस्सा साझा करते हुए निर्देशक ने बताया कि चित्रकूट का वह कमरा जहां नीम करोली बाबा को भोजन बांटते हुए दिखाया गया है, वास्तव में वही कमरा था जहां महाराज जी ठहरा करते थे-जिसने शूटिंग के अनुभव को बहुत खास और गहराई से व्यक्तिगत बना दिया।

हनुमान अंश तीन फिल्मों की श्रृंखला (ट्राइलॉजी ) की पहली कड़ी है, जो उत्तर भारत में लक्ष्मीनारायण की यात्रा का अनुसरण करती है, जहां संतों और आम लोगों से होने वाली मुलाकातें जीवन और अध्यात्म के प्रति उनकी समझ को आकार देती हैं। नीम करोली गांव के पास हुई एक रहस्यमयी घटना के बाद उन्हें नीम करोली बाबा नाम मिला। यह फिल्म एक श्रद्धेय आध्यात्मिक विभूति के रूप में उनके विकास को दर्शाती है, जिनकी शिक्षाओं ने स्टीव जॉब्स, मार्क जुकरबर्ग और जूलिया रॉबर्ट्स सहित दुनियाभर के लोगों को प्रेरित किया। अपनी कहानी और आत्मनिरीक्षण पर ज़ोर देने के माध्यम से, हनुमान अंश दर्शकों को यह याद दिलाने का प्रयास करती है कि दुनिया को समझने की यात्रा अक्सर स्वयं को समझने से शुरू होती है।

इस संवाददाता सम्मेलन का संचालन कुलदीप मीणा ने किया।

पूरा संवाददाता सम्मेलन यहां देखें:

*****

पीके/केसी/आरटी/जेएस


(रिलीज़ आईडी: 2343087) आगंतुक पटल : 32
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Marathi , Gujarati , Urdu , Tamil , Kannada