सूचना और प्रसारण मंत्रालय
माया ओ’रूर्क को ‘द मेल्टडाउन’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का रजत मयूर पुरस्कार
जूरी ने अभिनेत्री को ऐसे अभिनय के लिए सम्मानित किया है जो दर्शकों को सिनेमा के रहस्यों को समझने के लिए आमंत्रित करता है
प्रशस्ति-पत्र में माया ओ’रूर्क के अभिनय और निर्देशक मैनुएला मार्टेली के विजन के बीच असाधारण तालमेल की सराहना की गई है
57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) में मैनुएला मार्टेली द्वारा निर्देशित फिल्म ‘द मेल्टडाउन’ में अपने अभिनय के लिए माया ओ’रूर्क को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का रजत मयूर पुरस्कार प्रदान किया गया है। यह पुरस्कार गोवा के मुख्यमंत्री श्री प्रमोद सावंत ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव श्री चंचल कुमार तथा IFFI के महोत्सव निदेशक श्री आशुतोष गोवारिकर की उपस्थिति में प्रदान किया।
अपनी गहराई और कलात्मक प्रभाव के माध्यम से अमिट छाप छोड़ने वाले अभिनय को मान्यता देते हुए, जूरी ने पर्दे पर एक मोहक उपस्थिति दर्ज कराने के लिए माया ओ’रूर्क की सराहना की।
जूरी का प्रशस्ति-पत्र इस प्रकार है: “एक ऐसे मोहक अभिनय के लिए जो जिज्ञासा जगाता है और हमें सिनेमा के रहस्यों को समझने के लिए आमंत्रित करता है, जिसे अभिनेत्री और निर्देशक के असाधारण विजन के बीच के अद्भुत तालमेल ने और भी निखारा है”।
इस सम्मान के साथ, माया ओ’रूर्क उन कलाकारों में शामिल हो गई हैं जिनके कार्य ने इस वर्ष की प्रतियोगिता को उत्कृष्ट सिनेमाई प्रतिभा का उत्सव बना दिया है।
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के रजत मयूर पुरस्कार में मयूर ट्रॉफी, एक प्रमाण-पत्र और ₹15 लाख रुपये का नकद पुरस्कार शामिल है।
‘द मेल्टडाउन’ का कथानक
1992 की पृष्ठभूमि पर आधारित, चिली के एक सुदूर एंडियन स्की रिसॉर्ट में रची गई यह कहानी नौ वर्षीय इनेस के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने दादा-दादी के होटल में ठहरी हुई है। उसकी दोस्ती 15 वर्षीय जर्मन स्कीयर हैना से होती है। जब हैना अचानक लापता हो जाती है, तो उसे खोजने के प्रयास कई रहस्यों और छिपी हुई सचाइयों को उजागर करते हैं।

Read IFFILOID here: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1®=48
पीके/केसी/आरटी/जेएस
(रिलीज़ आईडी: 2343253)
आगंतुक पटल : 41