गृह मंत्रालय
गृहमंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा नोटबंदी से वामपंथी उग्रवाद को भारी नुकसान पहुंचा है
प्रविष्टि तिथि:
08 JAN 2017 10:50AM by PIB Delhi
केंद्रीय गृहमंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि नोटबंदी से वामपंथी उग्रवाद को भारी नुकसान पहुंचा है और इस समस्या को कुछ वर्षों में सतत प्रयास से समाप्त किया जा सकता है। गृहमंत्री श्री राजनाथ सिंह ने आज अपने एक दिन के झारखंड दौरे के दौरान रांची में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल(सीआईएसएफ) के पूर्वी क्षेत्र मुख्यालय का उद्घाटन किया और सीआईएसएफ के आवासीय परिसर की आधारशिला रखी।
कार्यक्रम के बाद लोगो को संबोधित करते हुए गृहमंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। वामपंथी उग्रवादी संगठनो को हिंसा का त्याग करना चाहिए। कुछ भारत विरोधी शक्तियां देश को विकास के पथ पर अग्रसर होते नहीं देखना चाहती हैं। इसलिए वो हिंसा और आंतक का सहारा ले रही हैं। हमें आतंकवाद के खिलाफ लड़ना होगा।
श्री राजनाथ सिंह ने सीआईएसफ की सराहना करते हुए कहा कि बल कई चुनौतियों का सामने करते हुए बहु-आयामी सुरक्षा संगठन की भूमिका निभा रहा है। बल न सिर्फ महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा कर रहा है बल्कि वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित क्षेत्रों में भी कार्यरत है। सीआईएसफ को वित्तीय सहायता का आश्वासन देते हुए श्री सिंह ने कहा कि जब किसी बल की आधारभूत सुविधाओं में विकास होता है तो इससे बल की क्षमताओं को सशक्त करने में सहायता मिलती है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने वामपंथी उग्रवाद से निपटने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी। उन्होंने केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के केंद्रीय प्रशिक्षण केंद्र के लिए 100 एकड़ जमीन आवंटित करने की घोषणा भी की।
केंद्रीय गृहमंत्री श्री राजनाथ सिंह ने इसके पश्चात मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राज्य में वामपंथी उग्रवाद की स्थिति की समीक्षा की।
सीआईएसएफ के महानिदेशक श्री ओ पी सिंह ने कहा कि पहली बार एक श्वान प्रशिक्षण विद्यालय बल के रांची स्थित कैंपस में स्थापित किया जा रहा है।
अपने दौरे के दौरान गृहमंत्री श्री राजनाथ सिंह ने सीआईएसएफ के रांची स्थित पूर्वी क्षेत्र मुख्यालय में एक पौधा भी रोपा। इस अवसर पर झारखंड के शहरी विकास मंत्री श्री सी पी सिंह और स्थानीय सांसद श्री राम तहल चौधरी और अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित थे।
***
वीएल/एजे- 66
(रिलीज़ आईडी: 1480182)
आगंतुक पटल : 28