वित्‍त मंत्रालय

अप्रैल-दिसंबर, 2016 में टैक्स वसूली सकारात्मक, प्रत्यक्ष करों में 12.01 प्रतिशत और अप्रत्यक्ष करों में 25 प्रतिशत की वृद्धि

प्रविष्टि तिथि: 09 JAN 2017 4:48PM by PIB Delhi

कर वसूली में सकारात्मकता से संबंधित ब्यौरे इस प्रकार हैं –

 

प्रत्यक्ष कर

दिसंबर, 2016 तक प्रत्यक्ष कर संग्रह के आंकड़े दिखाते हैं कि कुल 5.53 लाख करोड़ रूपये की शुद्ध वसूली हुई। यह पिछले वर्ष की इसी अवधि की शुद्ध वसूली से 12.01 प्रतिशत अधिक है। यह संग्रह वित्त वर्ष 2016-17 के लिए प्रत्यक्ष करों के कुल बजट अनुमानों का 65.3 प्रतिशत है।

 

सकल राजस्व के संदर्भ में कारपोरेट इंकमटैक्स (सीआईटी) तथा व्यैक्तिक इंकमटैक्स (पीआईटी) के संबंध में सीआईटी में 10.7 प्रतिशत की वृद्धि दर रही जबकि पीआईटी में (एसटीटी सहित) 21.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई। रिफंड समायोजन के बाद सीआईटी वसूली में 4.4 प्रतिशत की सकल वृद्धि रही और पीआईटी संग्रह में 24.6 की वृद्धि रही। अप्रैल-दिसंबर, 2016 में 1,26,371 करोड़ रूपये के रिफंड जारी किए गए जो कि पिछले वर्ष की इसी अवधि में जारी रिफंड से 30.5 प्रतिशत अधिक हैं।

 

दिसंबर, 2016 में एडवांस टैक्स की तीसरी किस्त के लेखा के बाद 2.82 लाख करोड़ रुपये का एडवांस टैक्स वसूला गया। यह पिछले वर्ष की इसी अवधि से 14.4 प्रतिशत अधिक है। सीआईटी एडवांस टैक्स में 10.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई जबकि पीआईटी एडवांस टैक्स में 38.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

 

अप्रत्यक्ष कर

दिसंबर, 2016 तक अप्रत्यक्ष कर संग्रह के आंकड़े दिखाते हैं कि कुल 6.30 लाख करोड़ रूपये की शुद्ध राजस्व वसूली हुई। यह पिछले वर्ष की इसी अवधि की शुद्ध वसूली से 25 प्रतिशत अधिक है। वित्त वर्ष 2016-17 के लिए दिसंबर, 2016 तक अप्रत्यक्ष कर के बजट अनुमानों का 81 प्रतिशत है।

 

अप्रैल-दिसंबर, 2016 में केंद्रीय उत्पाद शुल्क में 2.79 लाख करोड़ रुपये की वसूली हुई। पिछले वर्ष में इसी अवधि में 1.95 लाख करोड़ रुपये की वसूली हुई थी। इस तरह इसमें 43 प्रतिशत की वृद्धि हुई। सेवा कर में शुद्ध कर वसूली अप्रैल-दिसंबर, 2016 में 1.83 लाख करोड़ रुपये रही। पिछले वित्त वर्ष में इसी अवधि के दौरान 1.48 लाख करोड़ रुपये की वसूली हुई थी। इस तरह इसमें 23.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

 

अप्रैल-दिसंबर, 2016 में सीमा शुल्क में 1.67 लाख करोड़ रुपये की वसूली हुई। पिछले वित्त वर्ष में इसी अवधि के दौरान 1.60 लाख करोड़ रुपये की वसूली हुई थी। इस प्रकार वसूली में 4.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

 

दिसंबर, 2016 के दौरान शुद्ध अप्रत्यक्ष कर (एआरएम के साथ) में पिछले वर्ष के दिसंबर महीने की तुलना में 14.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई। दिसंबर, 2016 में पिछले वर्ष दिसंबर की तुलना में सीमा शुल्क, केंद्रीय उत्पाद शुल्क और सेवा कर में क्रमशः 6.3 प्रतिशत, 31.6 प्रतिशत तथा 12.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई। दिसंबर, 2016 में सीमा शुल्क वसूली में कमी दिसंबर, 2015 की तुलना में सोना आयात में 46 प्रतिशत (मात्रा में) कमी आने के कारण हुई।

***

वीके/एकेजी/सीएस-70


(रिलीज़ आईडी: 1480210) आगंतुक पटल : 26