पर्यटन मंत्रालय

पर्यटन, संस्‍कृति, युवा मामलो और खेल को प्रोत्‍साहित और विकसित करने के लिए कच्‍छ की रण में राष्‍ट्रीय सम्‍मेलन शुरू

प्रविष्टि तिथि: 20 JAN 2017 7:39PM by PIB Delhi



कच्‍छ की रण में आज एक तीन दिवसीय राष्‍ट्रीय सम्‍मेलन शुरू हुआ, जिसका आयोजन पर्यटन, संस्‍कृति, युवा मामलों और खेल मंत्रालयों ने गुजरात सरकार के सहयोग से किया है। इसका उद्देश्‍य पर्यटन, संस्‍कृति, युवा मामलों और खेल को प्रोत्‍साहित और विकसित करना है। मुख्‍य अतिथि प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने सजीव वीडियो कांफ्रेंस के जरिए उद्घाटन व्‍याख्‍यान दिया। इस अवसर पर संस्‍कृति एवं पर्यटन राज्‍य मंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) डॉ. महेश शर्मा, युवा मामलों एवं खेल राज्‍य मंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री विजय गोयल, गुजरात के मुख्‍यमंत्री श्री विजयभाई आर. रुपानी, गुजरात के खेल, युवा एवं संस्‍कृति मंत्री श्री राजेंद्र त्रिवेदी, गुजरात के जनजातीय विकास एवं पर्यटन मंत्री श्री गणपत सिंह वसावा, मंत्री सचिव और राज्‍य के आला अफसरों सहित विशिष्‍टजन भी उपस्‍थित थे। गुजरात के मुख्‍यमंत्री श्री विजयभाई आर. रूपानी ने ‘एक भारत, श्रेष्‍ठ भारत’ नामक क्‍विज प्रतिस्‍पर्धा की शुरुआत की। इसके अलावा ‘दी मेकिंग ऑफ रण उत्‍सव’ नामक फिल्‍म भी दिखाई गई। सम्‍मेलन की विषय-वस्‍तु ‘पर्यटन, संस्‍कृति, युवा मामलों एवं खेल का समावेश और राज्‍यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के साथ समायोजन: युवा भारत निर्माण एवं एक भारत, श्रेष्‍ठ भारत की शक्‍ति’ है। इस सम्‍मेलन का उद्देश्‍य पर्यटन, संस्‍कृति, युवा मामलों एवं खेल जैसे तीन महत्‍वपूर्ण क्षेत्रों के लिए योजना बनाना है। इसका मूल मंत्र ‘एक भारत, श्रेष्‍ठ भारत’ है।    

कल दूसरे दिन एक अधिवेशन का आयोजन किया जाएगा। इसकी विषय-वस्‍तु ‘पर्यटन, संस्‍कृति, युवा मामलो एवं खेल का समावेश और राज्‍यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के साथ समायोजन: युवा भारत निर्माण एवं एक भारत, श्रेष्‍ठ भारत की शक्‍ति और उसके आगे’ है। तीसरे दिन कार्य समूहों द्वारा तैयार किए गए प्रस्‍तुतिकरण पर चर्चा की जाएगी।

 

 

***

 

वीके/एकेपी/एसकेपी - 224


(रिलीज़ आईडी: 1480919) आगंतुक पटल : 25