गृह मंत्रालय

आंध्र प्रदेश में हुई रेल दुर्घटना अत्यंत चिंताजनक है: केंद्रीय गृह मंत्री

प्रविष्टि तिथि: 22 JAN 2017 6:05PM by PIB Delhi

केंद्रीय गृह मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि आंध्र प्रदेश में हुई रेल दुर्घटना की खबर बेहद चिंताजनक है और उन्हें अनमोल जिंदगियों के नुकसान पर गहरा दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि वह आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में हुई रेल दुर्घटना की स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमें राहत एवं बचाव कार्य के लिए पहले से ही घटनास्थल पर पहुँच गई हैं। उन्होंने कहा कि घायलों के बोगियों में फंसे होने के कारण एनडीआरएफ की टीम बेहद ध्यानपूर्वक अपने कार्य को अंजाम दे रही है। श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि बचाव और राहत अभियान प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ के महानिदेशक स्थिति पर पूरी निगरानी बनाए हुए हैं और एनडीआरएफ का एक 24x7 नियंत्रण कक्ष किसी भी प्रकार की सहायता के लिए रेलवे अधिकारियों और स्थानीय नागरिक प्रशासन के साथ संपर्क में है।

*****

वीके/एसएस/ डीए - 230


(रिलीज़ आईडी: 1480968) आगंतुक पटल : 26