रक्षा मंत्रालय

सिपाही चंदू बाबूलाल चव्हाण को भारतीय अधिकारियों को सौंपा गया

प्रविष्टि तिथि: 21 JAN 2017 7:09PM by PIB Delhi

सिपाही चंदू बाबूलाल चव्हाण 29 सितंबर, 2016 को भारतीय क्षेत्र कृष्णा घाटी सेक्टर से पाक अधिकृत कश्मीर क्षेत्र में भूलवश चले गए थे। उनकी रिहाई को सुनिश्चित करने के लिए इस मामले को मौजूदा हॉटलाइन के माध्यम से और डीजीएमओ स्तर की वार्ता के दौरान पाकिस्तानी सेना के अधिकारियों के समक्ष उठाया गया था। पाकिस्तान ने उनकी उपस्थिति को 07 अक्टूबर, 2016 को स्वीकार कर लिया था। इसके पश्चात इस मुद्दे को निरंतर डीजीएमओ स्तर की वार्ता में उठाया गया। इसके अलावा, इस मुद्दे को पाकिस्तान स्थित भारतीय उच्चायोग और विदेश मंत्रालय के माध्यम से कूटनीतिक स्तर पर भी उठाया गया।

 

आज 21 जनवरी, 2017 को दोपहर एक बजे पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों ने यह पुष्टि की कि सिपाही चंदू बाबूलाल चव्हाण को भारतीय समय के अनुसार दोपहर 3 बजे वाघा सीमा पर भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा। इसके पश्चात लगभग 3 बजकर 45 मिनट पर जवान को अंततः वाघा क्रॉसिंग प्वाइंट पर भारतीय प्रतिनिधियों को सौंप दिया गया।

 

कर्नल रोहन आनंद, एसएम

जनसंपर्क अधिकारी (सेना)

 

*****

वीके/एसएस/ डीए - 232


(रिलीज़ आईडी: 1480980) आगंतुक पटल : 54