कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय
एकीकृत नमूना सर्वेक्षण 2016-17 बरसात के मौसम (जुलाई-अक्टूबर 2016) पर आधारित प्रमुख पशुधन उत्पादों का अनुमानित उत्पादन
प्रविष्टि तिथि:
16 FEB 2017 8:18PM by PIB Delhi
एकीकृत नमूना सर्वेक्षण पूरे देश भर में 15 प्रतिशत नमूना के सामान्य सिद्धांत पर किया गया एक नियमित नमूना सर्वेक्षण है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के समस्त ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से नूमना गांव और शहरी वार्डों का चयन करके यह सर्वेक्षण तीन मौसमों में आयोजित किया जाता है। नवीनतम पशुधन जनगणना गांवों की सूची नमूना लेने के ढांचे का गठन करती है। सामान्य सिद्धांत के अनुसार पशुधन संख्या का अनुमान लगाने के लिए 5-5 प्रतिशत यानि 15 प्रतिशत गांव/ शहरी वार्डों का किसी राज्य से दो स्वतंत्र उप-नमूनों के रूप में चयन किया जाता है। उसी के आधार पर बिना रिप्लेसमेंट के सामान्य बेतरतीब नमूना लेने की प्रणाली का उपयोग करके पशुधन और कुक्कुट की पूरी जनगणना की जाती है। इसके बाद जनगणना वृद्धि दर का अनुमान लगाने के लिए प्रत्येक उप-नमूने में से 5 नमूने छांटे जाएंगे। प्रत्येक जिले में गांव की संख्या के अनुसार नमूनों की संख्या घट या बढ़ जाएगी।
सर्वेक्षण के मुख्य निष्कर्ष इस प्रकार हैं -
2015-16 (बरसात) के दौरान कुल दूध उत्पादन 52.21 मिलियन टन हुआ था जो 2016-17 (बरसात) में बढ़कर 54.50 मिलियन टन हो गया। इस प्रकार दूध उत्पादन में 4.38% वृद्धि दर्ज की गई। 2016-17 के दौरान उत्पादन का लक्ष्य 163.74 मिलियन टन रखा गया था। गर्मी और बरसात दो सीजनों में कुल उत्पादन 105.42 मिलियन टन हुआ। इस प्रकार इसने 64.38% उपलब्धि दर्शायी। इसके अलावा पिछले वर्ष 2015-16 (बरसात) की तुलना में देशी श्रेणी की गायों और भैंसों के प्रतिदिन औसत दूध उत्पादन में थोड़ा सा सुधार हुआ है। उत्तर प्रदेश,राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात और आंध्रप्रदेश राज्य बरसात के मौसम में सबसे अधिक दूध का उत्पादन करने वाले पहले पांच राज्य हैं।
अंडा उत्पादन: 2015-16 (बरसात) के दौरान देश में अंडों का कुल उत्पादन 27.33 बिलियन रहा था जो 2016-17 (बरसात) के दौरान बढ़कर 29.09 बिलियन पर पहुंच गया। इस प्रकार अंडों के उत्पादन में 6.42% बढ़ोत्तरी दर्ज की गयी। 2016-17 के दौरान 87.05 अंडे के लक्षित उत्पादन की तुलना में गर्मी और बरसात के दो सीजन में अंडों का अनुमानित उत्पादन 55.11 बिलियन रहा है जो इस बारे में 63.31% उपलब्धि को दर्शाता है। बरसात के मौसम में पांच सबसे बड़े अंडा उत्पादक राज्यों के नाम इस प्रकार हैं - तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और हरियाणा ।
मांस उत्पादन : 2015-16 (बरसात) के दौरान देश में 2.24 मिलियन टन मांस का कुल उत्पादन हुआ था जबकि 2016-17 (बरसात) में 2.43 मिलियन टन मांस का उत्पादन हुआ है। इस प्रकार मांस उत्पादन में 8.74% की बढ़ोत्तरी दर्ज की गयी है। 2016-17 के दौरान 7.37 मिलियन टन मांस के उत्पादन लक्ष्य की तुलना में गर्मी और बरसात के दो सीजनों में कुल 4.67 मिलियन टन मांस का उत्पादन हुआ जो 63.28% उपलब्धि को दर्शाता है। बरसात के मौसम में पांच सबसे बड़े मांस उत्पादक राज्यों के नाम इस प्रकार हैं - उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना ।
ऊन उत्पादन: 2015-16 (बरसात) के दौरान कुल 5.91 मिलियन किलोग्राम ऊन का उत्पादन हुआ था जबकि 2016-17 (बरसात) के दौरान केवल 5.78 मिलियन किलोग्राम ऊन का ही उत्पादन हुआ है। इस प्रकार ऊन उत्पादन में 2.16% की गिरावट दर्ज हुई है। 2016-17 के दौरान 44.07 मिलियन किलोग्राम ऊन उत्पादन के लक्ष्य की तुलना में गर्मी और बरसात के दो सीजनों के दौरान ऊन का कुल अनुमानित उत्पादन 20.66 मिलियन किलोग्राम रहा है जो 46.89% उपलब्धि को दर्शाता है। बरसात के मौसम में पांच सबसे बड़े ऊन उत्पादक राज्यों के नाम इस प्रकार हैं - कर्नाटक, गुजरात, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर ।
***
वीके/आईपीएस/डीए-435
(रिलीज़ आईडी: 1482910)
आगंतुक पटल : 37