गृह मंत्रालय

श्री किरेन रिजिजू ने केंद्रीय सशस्‍त्र पुलिस बलों की समीक्षा-बैठक की अध्‍यक्षता की

प्रविष्टि तिथि: 17 FEB 2017 7:39PM by PIB Delhi



गृह राज्‍य मंत्री श्री किरेन रिजिजू ने आज यहां केंद्रीय सशस्‍त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के महानिदेशकों की समीक्षा-बैठक की अध्‍यक्षता की।

बैठक में सीएपीएफ के काम-काज से संबंधित विभिन्‍न विषयों पर चर्चा की गई। चर्चा में अतिरिक्‍त बटालियनों का गठन, क्षेत्रीय केंद्रों की स्‍थापना, बलों की संवर्ग समीक्षा, सीएपीएफ कर्मियों के आवास, बलों में महिलाओं के प्रतिनिधित्‍व, बीएसएफ वायु शाखा की समीक्षा, प्रशिक्षण केंद्र, रिक्‍तियों को भरने, दुरूह स्‍थानों में सड़क निर्माण और भू-अधिग्रहण आदि विषय शामिल थे। 19 अप्रैल, 2016 को आयोजित पिछली बैठक की कार्रवाई रिपोर्ट पर भी चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए श्री किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री श्री राजनाथ सिंह के नेतृत्‍व में सरकार बलों के समर्पण की सराहना करती है। उन्‍होंने कहा कि सरकार बलों के मनोबल को बढ़ाने और उनका ध्‍यान रखने के लिए समस्‍त प्रयास कर रही है। श्री रिजिजू ने कहा कि बलों के वरिष्‍ठ अधिकारियों को नियमित रूप से बीओपी और ऑपरेशनल मुख्‍यालय का दौरा करना चाहिए, जिससे कर्मियों का मनोबल बढ़ेगा। सीएपीएफ से संबंधित विभिन्‍न मुद्दों की समीक्षा करते हुए उन्‍होंने कहा कि गृह मंत्रालय बलों द्वारा उठाए गए विषयों पर विचार करेगा और हर मामले में यथासंभव प्रयास करेगा। उन्‍होंने सीएपीएफ में महिलाओं के प्रतिनिधित्‍व पर जोर दिया और कहा कि बलों को महिला आरक्षण के संबंध में सरकार द्वारा तय लक्ष्‍यों को पूरा करने का प्रयास करना चाहिए।

बैठक में सीएपीएफ (सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, बीएसएफ, एनएसजी, एआर, एसएसबी, आईटीबीपी) के महानिदेशकों सहित गृह मंत्रालय तथा सीएपीएफ के आला अधिकारियों ने हिस्‍सा लिया।
 

***



वीके/एकेपी/एसकेपी-446


(रिलीज़ आईडी: 1482976) आगंतुक पटल : 26