कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय

सिविल सेवा दिवस पर लोक प्रशासन में उत्‍कृष्‍टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्‍कार प्रदान किए जाएंगे

दो श्रेणियों में ये पुरस्‍कार दिए जाएंगे : प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों के क्रियान्‍वयन में उत्‍कृष्‍टता और लोक शासन में अभिनव कदम

क्रियान्‍वयन में उत्‍कृष्‍टता के तहत प्राथमिकता वाले पांच कार्यक्रमों की पहचान की गई है

प्रविष्टि तिथि: 20 FEB 2017 8:06PM by PIB Delhi

लोक प्रशासन में उत्‍कृष्‍टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कारों का शुभारंभ जिलों/केंद्र एवं राज्‍य सरकारों के अधीनस्‍थ संगठनों द्वारा किए गए असाधारण एवं अभिनव कार्यों को पसंद करने, मान्‍यता देने और पुरस्‍कृत करने के लिए किया गया है। सिविल सेवा दिवस 2017 (21 अप्रैल, 2017) पर ये पुरस्‍कार प्रदान किए जाएंगे। इसका आयोजन कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) द्वारा किया जाएगा। प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की श्रेणी में अधिकतम 15 पुरस्‍कार और नवाचार श्रेणी में 2 पुरस्‍कार प्रदान किए जाएंगे।

 

प्रधानमंत्री पुरस्‍कार 2017 के लिए एक अभिनव एवं प्रतिस्‍पर्धी तरीका अपनाया गया है, ताकि व्‍यापक भागीदारी सुनिश्‍चित हो सके। देश भर में फैले जिलों और केंद्र एवं राज्‍य सरकारों के संगठनों को इस योजना के तहत प्रतिस्‍पर्धा करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) द्वारा सृजित किए गए ऑनलाइन वेब पोर्टल के जरिए पंजीकरण सुनिश्‍चित किया गया। ऑनलाइन पोर्टल के जरिए 1 जनवरी, 2017 से लेकर 25 जनवरी, 2017 तक आवेदन प्राप्‍त किए गए। जिलों और केंद्र एवं राज्‍य सरकारों के संगठनों की ओर से व्‍यापक भागीदारी रही है। प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की श्रेणी के तहत समस्‍त राज्‍यों/केंद्र शासित प्रदेशों में फैले लगभग 600 जिलों की ओर से 1,515 आवेदन प्राप्‍त हुए हैं। नवाचार श्रेणी के तहत केंद्र/राज्‍य सरकारों के संगठनों/जिलों की ओर से 830 आवेदन प्राप्‍त हुए हैं। एक उच्‍चस्‍तरीय समिति द्वारा तीन स्‍तरों पर इन आवेदनों का आकलन समग्र आधार पर किया जाएगा।

 

इस योजना के तहत पुरस्‍कारों के लिए प्राथमिकता वाले निम्‍नलिखित कार्यक्रमों की पहचान की गई है:

  1. प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (पीएमकेएसवाई)
  2. प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई)
  3. दीन दयाल उपाध्‍याय ग्राम ज्‍योति योजना (डीडीयूजीजेवाई)
  4. ई-राष्‍ट्रीय कृषि बाजार (ई-नाम)
  5. स्‍टैंडअप इंडिया/स्‍टार्टअप इंडिया

उपर्युक्‍त पुरस्‍कारों के अलावा केंद्र/राज्‍य सरकारों के संगठनों/जिलों को पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन, जल संरक्षण, ऊर्जा, शिक्षा एवं स्‍वास्‍थ्‍य, महिला एवं बाल केंद्रित पहल, इत्‍यादि में नवाचार अथवा अभिनव कदमों के लिए भी पुरस्‍कार प्रदान किए जाएंगे।

 

पिछले वर्ष प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 21 अप्रैल, 2016 को 10वें सिविल सेवा दिवस पर प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों के क्रियान्‍वयन में उत्‍कृष्‍टता के लिए पुरस्‍कार प्रदान किए थे।

 

****

 

वीके/आरआरएस/एसकेपी-471


(रिलीज़ आईडी: 1483086) आगंतुक पटल : 23