रक्षा मंत्रालय

रक्षा मंत्री ने सर्वश्रेष्ठ परेड दल ट्रॉफियां प्रदान कीं

प्रविष्टि तिथि: 21 FEB 2017 7:41PM by PIB Delhi

रक्षा मंत्री श्री मनोहर पर्रिकर ने आज यहां मद्रास सेपर्स और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) को सर्वश्रेष्‍ठ परेड दल ट्रॉफियां प्रदान कीं। विजेताओं ने इस वर्ष नई दिल्‍ली के ऐतिहासिक राजपथ पर गणतंत्र दिवस परेड में हिस्‍सा लिया था। मद्रास सेपर्स की तरफ से ब्रिगेडियर आर.के. सचदेवा और सीआईएसएफ की तरफ से बल के महानिदेशक श्री ओ.पी. सिंह ने ट्रॉफियां प्राप्‍त कीं।

समारोह में सेना प्रमुख जनरल बी.पी. रावत, नौ सेना प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा और वायु सेना प्रमुख एयरचीफ मार्शल बी.एस. धनोआ, रक्षा सचिव श्री जी. मोहन कुमार तथा रक्षा मंत्रालय, तीनों सेनाओं और गृह मंत्रालय के आला अधिकारी उपस्‍थित थे।

अपने आदर्श-वाक्‍य ‘सर्वत्र’ के अनुरूप मद्रास इंजीनियर ग्रुप ने हमेशा अपने कर्तव्‍य पालन और अन्‍य गतिविधियों में सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन किया है तथा उसका 236 वर्ष का गौरवशाली इतिहास है।

अपनी समृद्ध परंपरा को कायम रखते हुए मद्रास सेपर्स ने एक बार फिर सर्वश्रेष्‍ठ परेड दल ट्रॉफी प्राप्‍त की है। उसे सेना दिवस और गणतंत्र दिवस परेड 2017 दोनों अवसरों पर ट्रॉफियां प्राप्‍त हुई है।       

 

***

वीके/एकेपी/एसकेपी-491


(रिलीज़ आईडी: 1483159) आगंतुक पटल : 26