उप राष्ट्रपति सचिवालय

पूर्वी अफ्रीकी समुदाय आर्थिक और राजनीतिक दृष्टि से सुदृढ़ हो रहा है- उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी

प्रविष्टि तिथि: 24 FEB 2017 8:48PM by PIB Delhi


विमान में मीडिया को संबोधित किया 

उपराष्ट्रपति श्री एम. हामिद अंसारी ने कहा है कि पूर्वी अफ्रीकी समुदाय एक आर्थिक और राजनीतिक समुदाय के रूप में प्रभावशाली ढंग से विकास कर रहा है और क्षेत्र में किए गए हमारे अनेक कार्यक्रम और उपाय सिर्फ द्विपक्षीय नहीं रहेंगे, बल्कि समूचे समुदाय के लिए अपनाए जाएंगे। वे रवांडा और युगांडा की 5 दिन की यात्रा के बाद स्वदेश वापसी में विमान में मीडिया को संबोधित कर रहे थे। सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्यमंत्री श्री विजय सांपला और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर मौजूद थे।

उन्होंने कहा कि इन देशों के साथ उच्च स्तरीय नेताओं की यात्राएं कम हुई हैं और उनकी वर्तमान यात्रा से यह अंतराल दूर हुआ है। उन्होंने कहा कि दोनो देशों में विचार विमर्श अत्यंत सद्भावपूर्ण और व्यापक रहा। उन्होंने कहा कि युगांडा के राष्ट्रपति के साथ उनकी बैठक अत्यंत महत्वपूर्ण और लाभकारी रही। युगांडा के साथ व्यापार असंतुलन के बारे में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में उपराष्ट्रपति ने कहा कि व्यापार संतुलन के लिए युगांडा को अपने निर्यात उत्पादों में वृद्धि करनी होगी, साथ ही भारतीय विनिर्माता तैयार वस्तुएं युगांडा भेजने की बजाए अपनी कुछ विनिर्माण इकाइयां वहां स्थापित कर सकते हैं।

दोनों देशों के साथ संसदीय सहयोग के सवाल पर उपराष्ट्रपति ने कहा कि सांसदों के बीच अधिक संवाद की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि रवांडा और युगांडा के संसदीय शिष्टमंडलों की भारत यात्रा से उन्हें हमारे विकास कार्यक्रमों की जानकारी मिल सकेगी।

वि. कासोटिया/आर.एस.बी./आरके

(रिलीज़ आईडी: 1483321) आगंतुक पटल : 65