पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय
पर्यावरण मंत्री राष्ट्रीय प्राणी विज्ञान पार्क में आयोजित विश्व वन्य जीव दिवस समारोह में शामिल हुए
प्रविष्टि तिथि:
03 MAR 2017 6:55PM by PIB Delhi
पर्यावरण, वन तथा जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अनिल माधव दवे ने कहा कि भारत वन्य जीव संरक्षण के अग्रिम मोर्च पर रहा है और स्वतंत्रता प्राप्ति के पहले से भारत में सामान्य लोग वनों तथा वन्य जीव की रक्षा करते आ रहे हैं। श्री दवे आज यहां राष्ट्रीय प्राणी विज्ञान पार्क में आयोजित विश्व वन्य जीव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। श्री दवे ने कहा कि गिर में शेरों की संख्या 522 है। विश्व में सबसे अधिक बाघ भारत में है। एक सींग वाला गेंडा जैसे अन्य प्रजातियों की संख्या भी भारत में अधिक है। उन्होंने कहा कि वन्यजीव संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी और कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से वन्यजीव संरक्षण में आने वाली बाधाओं से लड़ने का आग्रह किया।
इससे पहले जब्त की गई वन्यजीव सामग्रियों को जलाने का सांकेतिक समारोह राष्ट्रीय प्राणी विज्ञान पार्क में हुआ। जलायी गई सामग्रियों में चीता की 100 खालें, 5 बाघ खाल, 2 शेर खाल, 1451 सांप की खाल, 10 हाथी दांत और 30 किलोग्राम बाघ की हड्डियां शामिल हैं। जब्त की गयी सामग्रियां तीन दिनों तक जलाई जाएगी। जलाने की प्रक्रिया की देखरेख के लिए एक समिति बनायी गयी है।
पर्यावरण वन तथा जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, वन्य जीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो, राष्ट्रीय प्राणी विज्ञान पार्क, राष्ट्रीय प्राकृतिक इतिहास संग्रहालय, पर्यावरण सूचना प्रणाली (ईएनवीआईएस) संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम, ट्रैफिक, पेटा, डब्ल्यूटीआई, डब्ल्यूपीएसआई तथा सुलभ इंटरनेशनल के सहयोग से दिव्यांग विद्यार्थियों सहित स्कूल/कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए प्राणी विज्ञान पार्क में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। स्कूली बच्चों में वन्यजीव संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूकता लाने के लिए नई दिल्ली के जोरबाग स्थित इंदिरा पर्यावरण भवन में 27 फरवरी, 2017 से वन्य जीव संरक्षण के विभिन्न पहलुओं तथा अवैध व्यापार पर फिल्में दिखायी जा रही हैं।
इस अवसर पर अमेरिकी दूतावास की चार्ज डी अफेयर्स सुश्री मेरी के कार्लसन, पर्यावरण वन तथा जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के अपर महानिदेशक डॉ. अनिल कुमार मंत्रालय तथा वन्य जीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो के अधिकारी तथा दिल्ली के स्कूली बच्चे उपस्थित थे।
***
वीके/एजी/डीए-600
(रिलीज़ आईडी: 1483605)
आगंतुक पटल : 40