वित्‍त मंत्रालय

वित्त और कॉरपोरेट मामलों के राज्य मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल चौथे वार्षिक अधिकार हस्तांतरण सम्मेलन में भाग लेने नैरोबी पहुंचे



श्री मेघवाल भारत में अधिकार हस्तांतरण प्रणाली और इसकी प्रगति के बारे में अनुभव साझा करेंगे

प्रविष्टि तिथि: 06 MAR 2017 5:03PM by PIB Delhi



केंद्रीय वित्त और कॉरपोरेट मामलों के मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल चौथे वार्षिक अधिकार हस्तांतरण सम्मेलन में भारत का नेतृत्व करेंगे और भारत में अधिकार हस्तांतरण प्रणाली और उसकी प्रगति के बारे में अनुभव साझा करेंगे। इस संबंध में श्री मेघवाल 73वें व 74वें संविधान संशोधनों और भारत गणराज्य में स्थानीय शासन को मजबूत बनाने संबंधी प्रावधानों पर प्रकाश डालेंगे। केन्या के नकुरू काउंटी में 6 से 9 मार्च, 2017 तक होने वाले इस सम्मेलन में भाग लेने के लिए श्री मेघवाल नैरोबी पहुंच गए हैं। श्री मेघवाल प्रधानमंत्री के निर्देश पर इस सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करने गए हैं।

अपनी केन्या यात्रा के दौरान श्री मेघवाल अंतरण सम्मेलन को संबोधित करेंगे और केन्द्र और राज्यों के बीच राजस्व साझा करने के बारे में जानकारी देंगे। श्री मेघवाल 14वें वित्त आयोग की सिफारिशों को बताएंगे। 13वें वित्त आयोग ने केन्द्र की कर प्राप्तियों में राज्यों की हिस्सेदारी 32 प्रतिशत की थी जिसे 14वें वित्त आयोग ने बढ़ाकर 42 प्रतिशत कर दिया। शहरी और ग्रामीण स्थानीय निकायों के सफल अनुभवों को साझा करने के लिए श्री मेघवाल सम्मेलन का उद्घाटन करेगें। सम्मेलन के उद्देश्यों में अधिकार हस्तांतरण प्रणाली के अच्छे अनुभवों को साझा करना शामिल है।

इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में अफ्रीकी देशों और चीन सहित विभिन्न क्षेत्रों के लगभग दस हजार प्रतिनिधि भाग लेंगे। संसद सदस्य, सभी राज्यों के विरोधी दल के नेता, पेशेवर लोग, सिविल सोसायटी के प्रतिनिधि और केन्या के धार्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
 

***



वीके/एकेआर/डीए - 619


(रिलीज़ आईडी: 1483664) आगंतुक पटल : 30