जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण मंत्रालय

साल के मध्‍य में शुरू हो जायेगा केन-बेतवा नदी जोडो परियोजना पर काम ; विजय गोयल


नदियों को जोड़ने के लिए विशेष समिति की बारहवीं बैठक संपन्न

प्रविष्टि तिथि: 08 MAR 2017 5:44PM by PIB Delhi




जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण राज्य मंत्री श्री विजय गोयल ने उम्‍मीद जताई है कि केन बेतवा नदी जोडो परियोजना पर इस साल के मध्‍य तक काम शुरू हो जायेगा। आज नई दिल्ली में नदियों को जोड़ने के विषय पर बनी विशेष समिति की बारहवीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री गोयल ने कहा कि नदी जोडो परियोजना पर देश में वर्षों से चर्चा चल रही थी, लेकिन अब यह परियेाजना जल्‍द ही मूर्त रूप लेने जा रही है।

श्री गोयल ने कहा कि उनके मंत्रालय ने नदी जोडो परियोजना के लिए पांच प्राथमिकता प्राप्‍त लिंकों की पहचान की है। इनमें से पहले चरण के रूप में केन बेतवा लिंक के लिए विभिन्‍न विभागों से लगभग सभी मंजूरियां प्राप्‍त हो चुकी हैं। उन्‍होंने कहा कि परियोजनाओं को तय समय सीमा के अंदर पूरा किया जाना चाहिए।

इस बैठक में 9 नवम्‍बर, 2016 को नई दिल्ली में समिति की हुई पिछली बैठक के कार्य विवरण की पुष्टि की गई। साथ ही विगत बैठक में किये गए निर्णयों के बारे में प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में जिन अन्य विषयों पर विचार किया गया उनमें केन-बेतवा संपर्क परियोजना चरण 1 की विभिन्न वैधानिक मंजूरियों की स्थिति, केन-बेतवा संपर्क परियोजना चरण 2 की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट की स्थिति, दमनगंगा-पिंजल तथा पार-तापी-नर्मदा संपर्क परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट की स्थिति, महानदी-गोदावरी का प्रणाली अनुकरण अध्ययन, नदियों को जोड़ने के लिए नदी बेसिन में सुरक्षित जल भंडार, अंतर राज्य संपर्क प्रस्तावों की स्थिति तथा राष्ट्रीय जल विकास एजेंसी का नवीनीकरण शामिल है।

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 24 जुलाई 2014 को अपनी बैठक में नदियों को जोड़ने के लिए विशेष समिति के गठन को स्वीकृति दी थी। इस स्वीकृति के अनुपालन में 23 सितंबर, 2014 को विशेष समिति गठित की गई। समिति की पहली बैठक 17 अक्टूबर 2014 को अयोजित की गई थी। समिति सभी हितधारकों की राय पर विचार करने के बाद संदर्भ के अनुसार नदियों को जोड़ने का लक्ष्य हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। वैकल्पिक योजनाओं के विकास के लिए सहमति कायम करने के प्रयास किए जा रहे हैं और परियोजनाओं को पूरा करने की योजना भी बनाई जा रही है।
 

*****



समीर/जितेन्‍द्र/सुमन-649


(रिलीज़ आईडी: 1483868) आगंतुक पटल : 46