पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय
11वां पूर्वोत्तर व्यवसाय सम्मेलन कल से नई दिल्ली में प्रारंभ
डोनर मंत्री डॉक्टर जितेन्द्र सिंह शुक्रवार को सम्मेलन को संबोधित करेंगे
प्रविष्टि तिथि:
08 MAR 2017 7:48PM by PIB Delhi
| |
|
11वां पूर्वोत्तर व्यवसाय सम्मेलन (एनईबीएस) कल से नई दिल्ली में प्रारंभ हो रहा है। यह दो दिवसीय समारोह निवेश आकर्षित करने, पूर्वोत्तर क्षेत्र (एनईआर) की ताकतों और व्यवसाय अवसरों को रेखांकित करने की एक पहल है, जो पूर्वोत्तर क्षेत्र प्रस्तुत करता है।
केन्द्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा एवं अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉक्टर जितेन्द्र सिंह शुक्रवार को सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
11वें एनईबीएस का उद्देश्य पूर्वोत्तर क्षेत्र की ताकतों, संभावनाओं एवं पहलों को प्रदर्शित करना, क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देना और स्वास्थ्य देखभाल, अवसंरचना एवं सम्पर्क, कृषि एवं बागवानी, खाद्य प्रसंस्करण, सेवा क्षेत्र एवं ऊर्जा जैसे कार्यनीतिक क्षेत्रों पर विचार विमर्श करना है, जिससे कि इन क्षेत्रों में निवेश एवं व्यवसाय अवसरों और पूर्वोत्तर राज्यों में व्यवसाय करने की सरलता को रेखांकित किया जा सके और प्रमुख मुद्दों का समाधान किया जा सके। इसका एक लक्ष्य सम्मेलन के दौरान दुनिया भर के निवेशकों के सामने पूर्वोत्तर क्षेत्र की अब तक दोहन न की गई व्यवसाय क्षमता को प्रदर्शित करना भी है।
सम्मेलन के दौरान पूर्वोत्तर क्षेत्र को एक आदर्श व्यवसाय गन्तव्य के रूप में बढ़ावा देने के लिए नियामकीय संरचनाओं एवं प्रोत्साहनों, पूर्वोत्तर राज्यों में व्यापार एवं वाणिज्य के लिए प्रमुख संभावित क्षेत्रों को रेखांकित करने वाले केंद्रित सत्र भी होंगे। अवसंरचना एवं सम्पर्क, आईटी एवं आईटीईएस, कृषि एवं बागवानी, खाद्य प्रसंस्करण, सेवा क्षेत्र एवं ऊर्जा पर क्षेत्रवार पैनल परिचर्चाएं भी सम्मेलन के दौरान आयोजित की जाएंगी।
सम्मेलन को केन्द्रीय रेलवे मंत्री श्री सुरेश प्रभाकर प्रभु एवं मिजोरम के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) निर्भय शर्मा भी संबोधित करेंगे। इसके अतिरिक्त, सम्मेलन में सरकार के वरिष्ठ अधिकारी एवं उद्योग जगत की दिग्गज हस्तियां भी भाग लेंगी।
*****
वीके/एसकेजे/जीआरएस-653
|
(रिलीज़ आईडी: 1483888)
आगंतुक पटल : 26