राष्ट्रपति सचिवालय
युगांडा के प्रधानमत्री ने राष्ट्रपति से मुलाकात की
प्रविष्टि तिथि:
10 MAR 2017 1:45PM by PIB Delhi
युगांडा के प्रधानमंत्री डॉ. रूहकाना रूगुंड ने राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी से कल (09 मार्च, 2017) राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की।
सीआईआई एक्जि़म बैंक सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत आए युगांडा के प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा भारत उनकी उपस्थिति और योगदान की सराहना करता है। राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी ने पिछले महीने युगांडा में हुए राष्ट्रपति और संसदीय चुनाव में डॉ. रूगुंड और उनकी पार्टी की जीत के लिए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत को खुशी है कि उसने युगांडा के चुनाव के लिए अमिट स्याही उपलब्ध कराई।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत युगांडा की शांति और सुरक्षा तथा पूर्वी अफ्रीका क्षेत्र और पूरे अफ्रीकी महाद्वीप की शांति में राष्ट्रपति मुसेवनी के शानदार योगदान की सराहना करता है।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत युगांडा सरकार के विकास लक्ष्य को हासिल करने में उसके साथ राजनीतिक, तकनीकी और आर्थिक सहयोग जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है। भारतीय कंपनियां भी युगांडा के तेल क्षेत्र के विकास में प्रतिभागिता के लिए उत्सुक है।
युगांडा के प्रधानमंत्री ने भी बेहतरीन सम्मेलन के आयोजन के लिए भारत को बधाई दी। उन्होंने कहा कि युगांडा में भारतीय समुदाय बेहतरीन कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि वे युगांडा और भारत के लिए वरदान है। कम संख्या में होने के बावजूद युगांडा की अर्थव्यवस्था में उनकी प्रमुख भूमिका है। प्रधानमंत्री ने युगांडा के विकास के लिए दी गई सहायता के लिए भारत का आभार व्यक्त किया और भारत के साथ संबंध और प्रगाढ़ करने की अपने देश की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
वीके/एमके/सीसी- 673
(रिलीज़ आईडी: 1484085)
आगंतुक पटल : 29