वित्‍त मंत्रालय

जी-20 फ्रेमवर्क वर्किंग ग्रुप (एफडब्‍ल्‍यूजी) ने अपनी वाराणसी बैठक में विश्‍व अर्थव्‍यवस्‍था की मौजूदा स्थिति, समावेशी विकास पर जी-20 के एजेंडे पर विचार-विमर्श किया 

प्रविष्टि तिथि: 29 MAR 2017 8:05PM by PIB Delhi
 

 
जी-20 फ्रेमवर्क वर्किंग ग्रुप (एफडब्‍ल्‍यूजी) ने वाराणसी में आयोजित अपनी तीसरी बैठक में विश्‍व अर्थव्‍यवस्‍था की मौजूदा स्थिति के साथ-साथ समावेशी विकास पर जी-20 के एजेंडे तथा मजबूत, सतत व संतुलित विकास से संबंधित रिपोर्टों और जी-20 के विस्‍तारित ढांचागत सुधार एजेंडे, इत्‍यादि पर विचार-विमर्श किया। भारत सरकार के वित्‍त मंत्रालय के साथ मिलकर भारतीय रिजर्व बैंक ने जी-20 फ्रेमवर्क वर्किंग ग्रुप (एफडब्‍ल्‍यूजी) की दो दिवसीय तीसरी बैठक की मेजबानी 28 एवं 29 मार्च, 2017 को वाराणसी (उत्‍तर प्रदेश) में की। जी-20 फ्रेमवर्क वर्किंग ग्रुप (एफडब्‍ल्‍यूजी) दरअसल जी-20 का एक प्रमुख कार्य समूह है और यह विश्‍व अर्थव्‍यवस्‍था से संबंधित मसलों और ऐसे नीतिगत तालमेल पर विचार करता है, जो दुनिया की प्रमुख अर्थव्‍यवस्‍थाओं के बीच अत्‍यंत आवश्‍यक है, ताकि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों का सामना किया जा सके। 

इस बैठक की शुरुआत वित्‍त मंत्रालय में विशेष सचिव (आर्थिक मामले) श्री दिनेश शर्मा और भारतीय रिजर्व बैंक के कार्यकारी निदेशक श्री राजेश्‍वर राव के आरंभिक संबोधनों के साथ हुई। श्री शर्मा ने वाराणसी आए प्रतिनिधियों का स्‍वागत किया और बैठक के एजेंडे का अवलोकन पेश किया। उन्‍होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि वैसे तो हाल में वैश्विक आर्थिक विकास ने अच्‍छी गति पकड़ी है, लेकिन इस गति को बनाए रखना और विकास के फायदों का कारगर एवं न्‍यायसंगत ढंग से पुनर्वितरण सुनिश्चित करना एक चुनौती है। इस संदर्भ में उन्‍होंने समय पर एक ऐसे एजेंडे को तैयार करने के लिए एफडब्‍ल्‍यूजी को बधाई दी, जो विकास की चुनौतियों के साथ-साथ समावेशी विकास हासिल करने के लिए संबंधित नीतिगत कदमों पर अपना ध्‍यान केन्द्रित करता है। श्री राजेश्‍वर राव ने अपने आरंभिक संबोधन में आर्थिक लचीलेपन पर एक ऐसे नोट को अंतिम रूप देने के लिए एफडब्‍ल्‍यूजी को बधाई दी जिसमें मार्गदर्शक सिद्धांतों का विवरण शामिल है और जिनका इस्‍तेमाल इसके सदस्‍यगण आर्थिक दृष्टि से लचीली वृहद नीतियां तैयार करने में कर सकते हैं।

जर्मनी की अध्‍यक्षता में जी-20 एफडब्‍ल्‍यूजी की चौथी बैठक अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में आयोजित की जाएगी। 
 

 

*****

 

वीके/आरआरएस/एचएस-859

(रिलीज़ आईडी: 1486055) आगंतुक पटल : 32