गृह मंत्रालय

जंगल की आग से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की कार्यशाला का आयोजन कल 




सरकारी एजेंसियों की आपसी तालमेल और तैयारी के लिए बैठकों का आयोजन 

प्रविष्टि तिथि: 19 APR 2017 11:58AM by PIB Delhi

 

 
 
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कल उत्तराखंड के सभी जिलों में पहली बार जंगली आग से निपटने के लिए कार्यशाला का आयोजन करेगा। राज्य सरकार के साथ मिलकर आयोजित की जा रही इस कार्यशाला का उद्देश्य है वन विभाग और जिले की टीम के साथ मिलकर आपदा से निपटने की तैयारियों को देखना।

इस कार्यशाला में आपसी तालमेल को बढ़ाने के लिए सभी जिलाधिकारियों और जिला वन अधिकारियों के साथ देहरादून से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पहले भी बैठक की जा चुकी है। इन बैठकों का उद्देश्य ये सुनिश्चित करना था कि कार्यशाला के लिए जरूरी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं। 

अलग-अलग तरह से लगने वाली जंगली आग और उनसे निपटने की सबसे बेहतर तैयारी को लेकर एक विस्तृत बैठक पहले हो चुकी है। आपदा की स्थिति में तुरंत कैसे आपदा अनुक्रिय तंत्र को सक्रिय करना है इसे लेकर सभी एजेंसियों को संक्षिप्त विवरण दिया जा चुका है।

वन विभाग को आग के बारे में सूचना प्राप्त करने के लिए अलग-अलग स्रोत जैसे भारतीय वन सर्वे और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान के भुवन पोर्टल के इस्तेमाल के बारे में बताया जा चुका है। इन तरीकों के बारे में जानकारी वन गार्ड के स्तर तक भी दी गई है ताकि अचानक आग लगने की स्थिति में तुरंत सक्रिय किया जा सके।

सभी संबंधित विभागों जैसे राष्ट्रीय और राज्य आपदा अनुक्रिया बल, स्वास्थ्य, पुलिस, वन, अग्निशमन, नागरिक रक्षा, जन संपर्क इत्यादि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने तैयारी के लिए इस बैठक में हिस्सा लिया।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण आपदा की स्थिति से निपटने के लिए की जाने वाले तैयारियों को लेकर हमेशा ऐसी कार्यशाला आयोजित करते रहता है। प्राधिकरण राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के मिलाकर अब तक करीब 550 ऐसी कार्यशालाओं का आयोजन कर चुका है।
 

****



वीके/पीकेटी/एसकेपी-1087

(रिलीज़ आईडी: 1488251) आगंतुक पटल : 28