श्रम और रोजगार मंत्रालय
श्रम और रोज़गार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एनएससीआई सुरक्षा पुरस्कार वितरित करेंगें
प्रविष्टि तिथि:
19 APR 2017 4:44PM by PIB Delhi
राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद एक आत्मनिर्भर, गैर-लाभकारी एवं स्वायत्त संस्था है जो भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा 4 मार्च, 1966 को स्थापित की गई थी। इसका लक्ष्य सुरक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण पर राष्ट्रीय आन्दोलन को मजबूत करना है जिससे जनहानि, मानव पीड़ा एवं आर्थिक क्षति को रोकने और कम करने में मदद मिल सके और सहायता सेवाओं को उपलब्ध कराया जा सके।
परिषद राष्ट्रीय स्तर पर तीन क्षेत्रों के लिए सुरक्षा पुरस्कार योजना का संचालन कर रही है, औद्योगिक उपक्रम (विनिर्माण क्षेत्र), निर्माण परियोजनायें (निर्माण क्षेत्र) तथा सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई सेक्टर)। इस योजना का मुख्य उद्देश्य उन संगठनों को राष्ट्रीय मान्यता प्रदान करना है जिन्होंने व्यावसायिक सुरक्षा और स्वास्थ्य (ओएसएच) में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया एवं उसे बनाए रखा है और प्रभावी ओएसएच प्रबंधन प्रणाली की प्रक्रियाओं को भी लागू किया है।
वर्ष 2016 के लिए 'एनएससीआई सुरक्षा पुरस्कार' श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), श्री बंडारु दत्तात्रेय द्वारा गुरुवार 20 अप्रैल, 2016 को सुबह 11.00 बजे स्कोप कन्वेन्शन सेंटर सभागार, लोदी रोड, नई दिल्ली में प्रस्तुत किये जायेगें। राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष डॉ सतीश रेड्डी समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
एनएससीआई सुरक्षा पुरस्कार कार्यस्थल सुरक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित पुरस्कार हैं और प्रासंगिक मूल्यांकन अवधि के दौरान विनिर्माण, निर्माण और एमएसएमई क्षेत्रों में संस्थाओं द्वारा प्रभावी सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली की स्थापना और उत्कृष्ट सुरक्षा एवं स्वास्थ्य प्रदर्शन की मान्यता में दिए जाते हैं।
इन पुरस्कारों को हर साल राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद द्वारा चयनित और घोषित किया जाता है। वर्ष 2016 के पुरस्कारों की प्रतियोगिता में भाग लेने वाले कुल 434 संगठनों में विनिर्माण क्षेत्र के 307 कारखाने, निर्माण क्षेत्र के 87 प्रतिष्ठान और 40 एमएसएमई इकाइयां शामिल हैं। कुल 70 संगठनों को चार श्रेणियों में पुरस्कार के लिए चुना गया है - सर्वश्रेष्ठ सुरक्षा पुरस्कार, श्रेष्ठ सुरक्षा पुरस्कार, सुरक्षा पुरस्कार और प्रशंसा पत्र। इनके अलावा निर्माण क्षेत्र से 12 अन्य संगठनों को भी सम्मानित किया जाएगा।
आईओसीएल की डिगबोइ रिफाइनरी, नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड पानीपत और कर्नाटक के कैगा में स्थित एनपीसीआईएल जेनरेटिंग स्टेशन 3 और 4 को क्रमशः मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के ग्रुप ए, ग्रुप बी और ग्रुप सी के लिये और एलएण्डटी लिमिटेड रावतभाटा, चित्तौड़गढ़ को राजस्थान स्थित एनपीसीआईएल परमाणु ऊर्जा परियोजना के लिये निर्माण क्षेत्र में और एमएसएमई सेक्टर में महाराष्ट्र के ठाणे में स्थित गोदरेज एण्ड बॉयस एमएफजी कंपनी लि. इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स ने 2016 के शीर्ष स्तर के सर्वश्रेष्ठ सुरक्षा पुरस्कार जीते हैं।
***
वीके/डीटी/वाईबी – 1101
(रिलीज़ आईडी: 1488362)
आगंतुक पटल : 28