पूर्वोत्‍तर क्षेत्र विकास मंत्रालय

मणिपुर के उप मुख्‍यमंत्री ने पूर्वोत्‍तर क्षेत्र विकास राज्‍य मंत्री डॉ जितेन्‍द्र सिंह से मुलाकात की

प्रविष्टि तिथि: 10 MAY 2017 12:11PM by PIB Delhi

मणिपुर के उप मुख्‍यमंत्री श्री वाई जॉयकुमार सिंह ने केंद्रीय पूर्वोत्‍तर क्षेत्र विकास राज्‍य मंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्‍य मंत्री डॉ जितेन्‍द्रसिंह से आज यहां मुलाकात की। उन्‍होंने डॉ जितेन्‍द्र सिंह के साथ इस वर्ष 15 मार्च को गठित नई सरकार की कुछ नई पहलों पर चर्चा की।

इस अवसर पर उप मुख्‍यमंत्री के साथ विधि और स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री श्री एल जयंतकुमार और युवा तथा खेल मंत्री श्री लेतपाओ होकिप भी उपस्थित थे।

डॉ जितेन्‍द्र सिंह ने श्री जॉयकुमार सिंह को बताया कि पूर्वोत्‍तर के लिए प्रस्‍तावित हेलीकॉप्‍टर आधारित ‘’एयर क्‍लीनिक्‍स’’ मणिपुर से शुरू हो सकते है। उन्‍होंने कहा कि केंद्रीय उड्डयन और स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के बोर्डमें इस पर चर्चा की गई और कुछ संचालन तथा कार्यान्‍वयन एवं अन्‍य संबंधित मुद्दों को सुलझाने की आवश्‍यकता है। डॉ जितेन्‍द्र सिंह ने यह भी बताया कि इस विषय पर उनकी पवनहंस और अन्‍य हेलीकॉप्‍टर सेवा प्रदाताओंके साथ विस्‍तार से चर्चा हुई है। 

डॉ जितेन्‍द्र सिंह ने कहा कि एयर क्‍लीनिक हेलीकॉप्‍टर सेवा से दूरदराज और दुर्गम  क्षेत्रों में विशेषज्ञ डॉक्‍टरों द्वारा विभिन्‍न विशेषताओं के अस्‍थाई ओपीडी स्‍थापित करने में मदद मिलेगी। वापस लौटते समय उसीहेलीकॉप्‍टर का उपयोग मरीजों को अस्‍पताल लाने में भी किया जा सकता है।

श्री जॉयकुमार सिंह ने डॉ जितेन्‍द्र सिंह को मणिपुर में न्‍यायालय और उससे जुड़े परिसरों में वकीलों तथा अन्‍य विधि कार्यकर्ताओं के लिए बुनियादी ढांचा विकसित करने में पूर्वोत्‍तर क्षेत्र विकास मंत्रालय से सहायता केबारे में प्रस्‍ताव भी सौंपा। डॉ जितेन्‍द्र सिंह ने कहा कि वे इस प्रस्‍ताव का आकलन करवायेंगे और उसके बाद व्‍यवहार्य समर्थन देने की कोशिश करेंगे।

 डॉ जितेन्‍द्र सिंह ने मणिपुर में खेल विश्‍वविद्यालय स्‍थापित करने के लिए भूमि अधिग्रहण और हस्‍तांतरण से संबंधित प्रक्रिया में तेजी लाने पर भी बल दिया। उन्‍होंने मंत्रियों को चेन्‍नई के अडयार कैंसर संस्‍थान केसहयोग से जिला अस्‍पताल स्‍तर तक कैंसर से संबंधित स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल सुविधाएं बढा़ने के प्रस्‍ताव के बारे में भी बताया। उन्‍होंने कहा कि इस संबंध में आगे की कार्रवाई तय करने के लिए जल्‍द ही सभी आठ पूर्वोत्‍तरराज्‍यों के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रियों की बैठक होगी।                

***


वीके/एमके/एसके-1317

 


(रिलीज़ आईडी: 1489600) आगंतुक पटल : 27