रेल मंत्रालय

रेल मंत्री ने विभिन्न मुंबई उपनगरीय रेलवे स्टेशनों पर कई यात्री सुविधाओं का उद्घाटन किया

प्रविष्टि तिथि: 16 MAY 2017 8:19PM by PIB Delhi

रेल मंत्री श्री सुरेश प्रभु ने विभिन्न मुंबई उपनगरीय रेलवे स्टेशनों पर कई यात्री सुविधाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर रेलवे बोर्ड के चेयरमैन श्री ए. के. मित्तल, रेलवे बोर्ड ने अन्य सदस्य तथा रेलवे बोर्ड के कई वरिष्ठ अधिकारीगण भी उपस्थित थे।

 इस अवसर पर बोलते हुए रेल मंत्री श्री सुरेश प्रभु ने कहा कि मुंबई के विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का उद्घाटन एक महत्वपूर्ण कदम है।मुंबई भारत की वाणिज्यिक राजधानी है। मुंबई उपनगरीय रेलवे में लगभग 80 लाख यात्री प्रतिदिन यात्रा करते हैं, रेलवे इन यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की पूरी कोशिश कर रही है। छोटे स्टेशनों पर भी लिफ्ट, एस्केलेटर, फुट ओवर ब्रिज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। रेलवे को इनके रखरखाव में यात्रियों से सहयोग की आवश्यकता है। रेलवे राज्य सरकारों के साथ भी संयुक्त उद्यम बनाने के लिए काम कर रहा है ताकि अन्य रेल विकास परियोजनाएं अतिशीघ्र शुरू की जा सके।

  यात्री सुविधाओं की मुख्य विशेषताएं:

भारतीय रेलवे अपने प्रतिष्ठित ग्राहकों की पूर्ण संतुष्टि के लिए हमेशा तत्पर रहता है। माननीय रेल मंत्री श्री सुरेश प्रभु के कुशल नेतृत्व में भारतीय रेलवे ने अपने इस वादे पर खरा उतरने के प्रयास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ा है। व्यवसायिक नैतिकता के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के संदर्भ में यात्री सुविधाओं का प्रावधान भारतीय रेलवे के महत्वपूर्ण उद्देश्यों में से एक है। लंबे समय से यात्रियों की चली आ रही मांग को पूरा करते हुए श्री प्रभु 16 मई, 2017 को रेल भवन, नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विभिन्न यात्री सुविधाओं का उद्घाटन कर रहे हैं।   

बोरिवली स्टेशन पर एलिवेटेड डेक:

बोरिवली भारतीय रेलवे के महत्वपूर्ण स्टेशनों में से एक है। उपनगरीय स्टेशनों में से एक इस स्टेशन से कई स्थानीय ट्रेनें शुरू होती हैं तथा यहीं समाप्त भी हो जाती हैं। जो भी उपनगरीय ट्रेनें बोरिवली से आगे भी जाती है वो बोरिवली स्टेशन पर जरूर रूकती है। मेल, एक्सप्रेस तथा साथ ही पैसेंजर ट्रेनें भीं इस बोरिवली स्टेशन पर रूकती है।इस रूट पर भारी-भरकम यातायात को ध्यान रखकर पैसेंजरों की यात्रा को सुविधाजनक बनाने हेतु, बोरिवली स्टेशन पर एक एलिवेटेड डेक बनाने का प्रस्ताव था। प्लेटफॉर्म नं. 1 पर स्थित इस एलिवेटेड डेक का काम पूरा हो गया है।10.5 मीटर चौड़ा और 300 मीटर लंबा यह एलिवेटेड डेक सभी पांचों फुट ओवर ब्रिजों के साथ-साथ स्काईवॉक को भी जोड़ता है। इस डेक के दक्षिणी छोर पर एक बुकिंग खिड़की भी बनाया गया है। डेक को जोड़ते हुए प्लेटफॉर्म नं. 1 पर एक एलिवेटर भी बनाया गया है। इससे वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों को बेहद मदद मिलेगी।         

 दादर, माटुंगा रोड और भयंदर स्टेशनों पर नये एफओबी (फुट ओवर ब्रिज) :

दादर, भयंदर, वसई रोड और नालासोपारा स्टेशनों पर एस्केलेटर:

 यात्री सुविधाओं का ध्यान रखते हुए मुबई के उपनगरीय स्टेशनों को जोड़ते हुए दादर, माटुंगा रोड और भयंदर स्टेशनों पर नये एफओबी (फुट ओवर ब्रिज) और दादर, भयंदर, वसई रोड और नालासोपारा स्टेशनों पर एस्केलेटर बनाये गये हैं।   

 दादर स्टेशन का एफओबी (फुट ओवर ब्रिज) 6 मीटर चौड़ा और 200 मीटर लंबा है तथा यह दादर स्टेशन के उत्तर में तिलक रोड ब्रिज के निकट स्थित है।यह एफओबी (फुट ओवर ब्रिज) तिलक ब्रिज, प्लेटफार्म नं.1, 2 और 3 तथा प्लेटफार्म नं. 3 से लेकर 8 (दादर टर्मिनल) को जोड़ता है। दो एस्केलेटर दादर स्टेशन के प्लेटफार्म नं.1 पर बनाये गये हैं।

 माटुंगा रोड स्टेशन पर बना एफओबी (फुट ओवर ब्रिज) 17 मीटर लंबा और 6 मीटर चौड़ा है।यह प्लेटफार्म नं.1, 2 को पश्चिम ओर के निकास से और उत्तर एफओबी से जोड़ता है।इसके साथ ही यह स्काईवॉक से होते हुए दक्षिणी एफओबी को भी जोड़ता है।इस एफओबी को बनाने का कुल लागत 2.99 करोड़ रूपया है।    

 6 मीटर चौड़ा एक नया एफओबी भयंदर स्टेशन के उत्तरी छोर पर बनाया गया है।यह एफओबी पूर्व को पश्चिम से तथा सारे प्लेटफार्मों को भी जोड़ता है। भयंदर स्टेशन के प्लेटफार्म नं. 5 और 6 पर दो एस्केलेटर भी लगाये गये हैं। भयंदर स्टेशन पर इसे बनाने का कुल लागत 11 करोड़ रूपया है। वसई रोड स्टेशन के प्लेटफॉर्म नं. 2ए की दक्षिणी छोर पर नये एस्केलेटर बनाये गये हैं और साथ ही नालासोपारा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नं. 2/3 के उत्तरी छोर पर भी नये एस्केलेटर बनाये गये हैं।ये एस्केलेटर वरिष्ठ नागरिकों के आवागमन को आसान बनायेंगे।                      

 कांदिवली और वसई रोड स्टेशन पर बुकिंग खिड़की:

कांदिवली स्टेशन के प्लेटफॉर्म नं. 1 के उत्तरी छोर पर एक बुकिंग कार्यालय बनाया गया है।साथ ही वसई रोड स्टेशन पर भी यात्रियों की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए एक और बुकिंग कार्यालय खोला गया है जिससे यात्रियों को टिकट लेने में सुविधा हो।       

  गोरेगांव और कांदिवली स्टेशनों पर शौचालय:

पूरे देश में ‘स्वच्छ भारत मिशन’ की सफलता में रेलवे ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।इसी मिशन के तहत गोरेगांव और कांदिवली स्टेशनों पर 30 लाख रूपये की लागत से शौचालयों का निर्माण कराया गया है। 

 नालासोपारा स्टेशन पर यात्री आरक्षण केंद्र:

नालासोपारा इलाके में तेजी से आबादी की विकास हुआ है जिसमें खासकर प्रवासियों की संख्या ज्यादा है। लंबी दूरी की ट्रेनों के लिए टिकट आसानी से उपलब्ध कराने हेतु रेलवे ने नालासोपारा स्टेशन पर यात्री आरक्षण केंद्र खोला है।इससे यात्रियों को टिकट लेने में काफी सुविधा होगी।

 अंधेरी स्काईवॉक जो रेलवे स्टेशन के उत्तरी एफओबी को मेट्रो स्टेशन से जोड़ती है:

मेट्रो और रेलवे उपनगरीय यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए, अंधेरी स्टेशन पर मेट्रो स्टेशन को अंधेरी रेलवे स्टेशन पर उत्तर एफओबी से जोड़ा गया है।6.6 मीटर चौड़े स्काईवॉक की लंबाई 80 मीटर है। स्काईवॉक की कुल योजना क्षेत्र 528 वर्गमीटर में फैली है तथा स्काईवॉक के निर्माण की लागत 7 करोड़ रुपये है।

***

वीके/ पीकेपी-1377


(रिलीज़ आईडी: 1489999) आगंतुक पटल : 42