वित्‍त मंत्रालय

गांधीनगर में आयोजित बैंक की वार्षिक बैठक की सफलता के लिए अफ्रीकी विकास बैंक के अध्यक्ष ने भारत का धन्यवाद किया , उम्‍मीद जताई कि ये बैठकें एएफडीबी के नये बदलाव के एजेंडे में योगदान देंगी 

प्रविष्टि तिथि: 25 MAY 2017 7:50PM by PIB Delhi

 


 
अफ्रीकी विकास बैंक के अध्यक्ष श्री अकिन्विमी एडिसिना ने गुजरात के गांधीनगर में आयोजित बैंक की वार्षिक बैठक के परिणामों पर खुशी व्यक्त की। गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बैंक के अध्यक्ष ने बैंक की वार्षिक बैठक की सफलता के लिए भारत और भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का धन्यवाद किया। श्री एडिसिना ने कहा कि बैठक के दौरान प्रधानमंत्री श्री मोदी, वित्त मंत्री श्री अरुण जेटली, बिजली मंत्री श्री पीयूष गोयल और अन्य मंत्रियों के साथ उनकी बैठक काफी उपयोगी थी। उन्होंने कहा कि इन सभी बैठकों से बिजली, कृषि (खाद्य सुरक्षा), कनेक्टिविटी (परिवहन), औद्योगिकीकरण (कौशल विकास) और स्वास्थ्य के क्षेत्र से संबंधित हाई5 एस में बैंक के नए एजेंडे में पर्याप्त योगदान की संभावना है। श्री एडिसिना ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अफ्रीका के विकास के मुख्य गलियारे के लिए भारत और जापान के उल्लेख किए जाने से वह काफी खुश हैं और उन्हें विश्वास है कि इससे अफ्रीका में विकास की गति बढ़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि बैंक अफ्रीकी युवाओं को प्रोत्साहन देने के लिए प्रौद्योगिकियों को आगे बढ़ाने और भविष्य की तकनीकों में निवेश के लिए उत्सुक है। उन्होंने कहा कि अफ्रीका में गरीबी से निपटने के लिए वह चाहते हैं कि युवा कृषि संबंधी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर योगदान करें। बैंक के अध्यक्ष ने कहा कि वह फिल्मों के माध्यम से भी अफ्रीका के विकास की संभावनाएं देखते हैं। बॉलिवुड अफ्रीकी युवाओं को कृषि आदि के बारे में जागरूक करने में अहम योगदान दे सकता है।

श्री एडिसिना ने गुजरात के मुख्यमंत्री श्री विजय रूपानी और बैठक को सफल बनाने में अपना योगदान देने वाले सभी लोगों का हृदय से धन्यवाद किया।

22 मई 2017 से अफ्रीकी विकास बैंक की वार्षिक बैठक गांधी नगर में आयोजित की गई जिसमें बेनिन एवं सेनेगल के अध्यक्ष, कोट डी आइवायर के उपाध्यक्ष, अफ्रीकी संघ के महासचिव, अफ्रीकी संघ आयोग के आयुक्त और गुजरात के मुख्यमंत्री, राज्य के विभिन्न मंत्रियों के अलावा कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
 

*****



जीवाई/केजे/एस – 1486

(रिलीज़ आईडी: 1490845) आगंतुक पटल : 27