पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय
डॉ जितेन्द्र सिंह ने दिल्ली हाट में पूर्वोत्तर ऑर्गेनिक शोरूम एवं रेस्तरां का दौरा किया
प्रविष्टि तिथि:
28 MAY 2017 12:30PM by PIB Delhi
| |
|
पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास (डीओईईआर) (स्वतंत्र प्रभार), पीएमओ, कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने दिल्ली हाट, आईएनए में अभी हाल में शुरू किए गए पूर्वोत्तर ऑर्गेनिक शोरूम एंव रेस्तरां का दौरा किया।
इस शोरूम एवं रेस्तरां का प्रबंध पूर्वोत्तर क्षेत्रीय कृषि विपणन निगम (एनईआरएएमएसी) लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है और इसका प्रमुख ब्रांड, "वन" (ऑर्गेनिक उत्तर पूर्व) है। इस पहल को पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय और कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए एक मिशन के तहत सहायता प्रदान कर रहे हैं।
इस अवसर पर डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि एनईआरएमएसी ने हमेशा पूर्वोत्तर क्षेत्र के कृषि - बागवानी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए काम किया है। इसने अनेक गतिविधियों के माध्यम से पूर्वोत्तर क्षेत्र के किसानों, छोटे-छोटे कृषि उद्यमियों के सामाजिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। देश के अन्य हिस्सों के लोगों को अभी पूर्वोत्तर क्षेत्र के पोषक और स्वस्थ ऑर्गेनिक उत्पादों से अवगत नहीं कराया जा सका है। एक बार ऐसा हो जाने पर न केवल इनके व्यापार को बढ़ावा बल्कि किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि पूर्वोत्तर के ज्यादातर भागों में संगठित 'मंडियां' न होने से एनईआरएएमएसी की एक प्रमुख गतिविधि पूर्वोत्तर क्षेत्र में कृषि-बागवानी उत्पाद के प्रमुख समूहक के रूप में कार्य करने की होनी चाहिए। खासकर ऐसी स्थिति में जब यहां 80 - 82 प्रतिशत कृषि-बागवानी उत्पाद ऑर्गेनिक स्वरूप का होता है। दिल्ली हाट का पूर्वोत्तर ऑर्गेनिक शोरूम एवं रेस्तरां पूर्वोत्तर क्षेत्र के सभी आठ राज्यों के आकर्षक और स्वस्थ उत्पादों का प्रदर्शन करेगा, जहां लोग सीधे ही उपलब्ध आकर्षक मूल्य पर इन्हें खरीद सकते हैं। इस शोरूम की अवधारणा पूर्वोत्तर में उपलब्ध स्वस्थ खाद्य पदार्थो को बढ़ावा देना है तथा देश में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को प्रोत्साहन देना है।
डॉ सिंह ने यह भी कहा यह शोरूम पूर्वोत्तर के उद्यमियों, कृषि- उद्यमियों और किसानों को मंच उपलब्ध कराता है जो यहां अपने ऑर्गेनिक उत्पाद का प्रदर्शन और बिक्री कर सकते हैं। हमें यह विश्वास है कि पूर्वोत्तर के ऑर्गेनिक खाद्य प्रोसेसर और किसान इस बिक्री केंद्र से लाभान्वित होंगे। इस बिक्री केंद्र से पूर्वोत्तर के किसानों और खाद्य प्रोसेसरों को न केवल अपनी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी बल्कि इससे पूर्वोत्तर की संस्कृति और परंपराओं को भी बढ़ावा मिलेगा और पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा। दिल्ली हाट स्थित यह शोरूम एवं रेस्तरां सिर्फ एक शुरुआत है। उनका मंत्रालय इस परियोजना का फ्रेंचाइजी आधार पर पूरे दिल्ली एनसीआर और मुंबई, चेन्नई बंगलुरु जैसे बड़े महानगरों में विस्तार करेगा।
****
वीके/आईपीएस/एसके-1518 |
(रिलीज़ आईडी: 1491064)
आगंतुक पटल : 28