रक्षा मंत्रालय
थलसेना प्रमुख का म्यांमार दौरा
प्रविष्टि तिथि:
28 MAY 2017 4:52PM by PIB Delhi
भारत के थलसेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत 28 मई से 31 मई 2017 तक चार दिवसीय म्यांमार दौरे पर हैं। इस यात्रा के दौरान जनरल बिपिन रावत म्यांमार की विदेश मंत्री महामहिम आंग सान सू की, म्यांमार की रक्षा सेवा के कमांडर इन चीफ वरिष्ठ जनरल मिन आंग लाइंग और रक्षा सेवा के डिप्टी कमांडर इन चीफ तथा थलसेना के कमांडर इन चीफ उप वरिष्ठ जनरल सो विन सहित म्यांमार के विभिन्न उच्चस्तरीय गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात करेंगे।
म्यांमार भारत का एक महत्वपूर्ण सहयोगी है, जिसके साथ हमारे संबंध ऐतिहासिक एवं पारंपरिक रूप से अत्यंत मैत्रीपूर्ण एवं सहयोगपूर्ण हैं। इन संबंधों की बुनियाद आपसी विश्वास एवं समझ पर टिकी है। इस यात्रा के दौरान जनरल बिपिन रावत नय पयी ताव नाम राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय और विन ऊ विन नामक रक्षा सेवा अकादमियों का दौरा करेंगे। जनरल रावत के म्यांमार के प्रमुख संस्थान राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के शिक्षार्थियों को संबोधित करने की भी योजना है। यह संस्थान म्यांमार की प्रतिष्ठित संस्था है और जहां से म्यांमार की रक्षा सेवा के भावी अधिकारी निकलते हैं। यह दौरा रक्षा सहयोग के क्षेत्र में पड़ोसियों के साथ हमारे संबंधों को और मज़बूत करने की दिशा में एक मील का पत्थर है। इस दौरे से दोनों देशों के बीच मौजूदा पारस्परिक सहयोग एवं विश्वास को भी बढ़ावा मिलेगा।
***
जीवाई/प्रवीन/सीएस - 1526
(रिलीज़ आईडी: 1491150)
आगंतुक पटल : 24