राष्ट्रपति सचिवालय

मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने राष्‍ट्रपति से मुलाकात की

प्रविष्टि तिथि: 28 MAY 2017 5:25PM by PIB Delhi

मॉरीशस गणराज्‍य के प्रधानमंत्री श्री प्राविन्‍द्र कुमार जगन्‍नाथ ने कल (27 मई, 2017) को राष्‍ट्रपति भवन में राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी से मुलाकात की।

मॉरीशस के प्रधानमंत्री के भारत आगमन का स्‍वागत करते हुए राष्‍ट्रपति ने कहा कि उन्‍हें इस बात की प्रसन्‍नता है कि प्रधानमंत्री पद का शपथ ग्रहण करने के पश्‍चात भारत ही उनकी पहली विदेश यात्रा हैा राष्‍ट्रपति ने कहा कि मॉरीशस दूसरा देश था, जहां की यात्रा उन्‍होंने राष्‍ट्रपति बनने के बाद की थी। राष्‍ट्रपति ने विश्‍वास प्रकट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जगन्‍नाथ के नेतृत्‍व में भारत-मॉरीशस द्विपक्षीय संबंधों को एक नई ऊंचाई मिलेगी।

राष्‍ट्रपति ने कहा कि भारत, मॉरीशस के साथ अपने घनिष्‍ठ और ऐतिहासिक संबंध को अधिक प्रगाढ़ बनाना चाहता है। भारत, मॉरिशस की प्रा‍थमिकता वाली विकास योजनाओं में सहभागिता के लिए प्रतिबद्ध है। भारत मॉरीशस को सभी प्रकार का समर्थन तथा सहायता प्रदान करता रहेगा। राष्‍ट्रपति ने इस तथ्‍य पर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की कि मॉरीशस विशेष आर्थिक पैकेज सहायता का उपयोग मेट्रो एक्‍सप्रेस, सुप्रीम कोर्ट भवन व ईएनटी अस्‍पताल का निर्माण, डिजिटल टेबलेट की आपूर्ति और सामाजिक आवास योजना के लिए कर रहा है। उन्‍होंने कहा कि ईईजेड निगरानी, समुद्री लुटेरों के खिलाफ संयुक्‍त निगरानी, हाइड्रोग्राफी जैसे महत्‍वपूर्ण क्षेत्रों में आपसी सहयोग हिन्‍द महासागर क्षेत्र में शांति व सुरक्षा कायम रखने में सहायता प्रदान करेगा।

राष्‍ट्रपति ने कहा कि भारत मॉरीशस की अर्थव्‍यवस्‍था और राजनीति में भारतीय समुदाय के योगदान की सराहना करता है।

 

*****

जीवाई/जेके/जीआरएस -1525


(रिलीज़ आईडी: 1491163) आगंतुक पटल : 25