रक्षा मंत्रालय

वायु सेना प्रमुख का भिसिआना वायुसेना स्टेशन दौरा

करगिल शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की

प्रविष्टि तिथि: 28 MAY 2017 5:26PM by PIB Delhi

वायु सेना प्रमुख पीवीएसएम एवीएसएम वाईएसएम वीएम एडीसी एयर मार्शल बीएस धनोआ ने करगिल शहीदों की बहादुरी और सर्वोच्च बलिदान का सम्मान करने के लिए भिसिआना वायुसेना स्टेशन में आज चार मिग -21 'मिसिंग मैन' फ्लाइपास्ट विमानों का नेतृत्व किया। 'मिसिंग मैन' फ्लाइपास्ट युद्ध में शहीद हुए जवानों को सम्मान देने के लिए दी जाने वाली हवाई सलामी है। बाद में एक मार्मिक कार्यक्रम के दौरान अपने कर्तव्य का निर्वहन करने के दौरान अपने जीवन का त्याग करने वाले शहीदों को सम्मानित करने के लिए उन्होंने स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

वायु सेना प्रमुख इस स्टेशन के तीन दिवसीय दौरे पर थे। स्क्वॉड्रन-17 को कमांड करते हुए वायु सेना प्रमुख एयर मार्शल बीएस धनोआ ने वर्तमान में वायु सेना के सबसे पुराने लड़ाकू विमान मिग-21 टी-96 का नेतृत्व किया। वर्ष 1999 में इसी दिन, स्क्वॉड्रन लीडर अजय आहुजा वीआरसी (मरणोपरांत) करगिल युद्ध के दौरान शहीद हो गए थे। वह उस समय स्क्वॉड्रन-17 के फ्लाइट कमांडर थे। कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय स्क्वॉड्रन लीडर अजय आहुजा वीआरसी (मरणोपरांत) की पत्नी भी मौजूद थीं और वायुसेना प्रमुख ने उन्हें पट्टिका प्रदान की।

यात्रा के दौरान वायु सेना प्रमुख ने स्टेशन की सुरक्षा एवं परिचालन संबंधी तैयारियों का जायज़ा भी लिया। किसी भी मुकाबले से निपटने के लिए जवानों द्वारा कि गई तैयारियों के लिए उन्होंने कर्मियों को बधाई दी और उनसे आग्रह किया कि ‘वे इतिहास से सीख लें, वर्तमान में उसका अभ्यास करें और भविष्य में ज़रूरत पड़ने पर उसका इस्तेमाल कर जीत हासिल करें’।

*****

जीवाई/प्रवीन/सीएस - 1527


(रिलीज़ आईडी: 1491164) आगंतुक पटल : 39