गृह मंत्रालय
श्री किरेन रिजिजू एसएसबी की 7वीं अंतर-फ्रंटियर बैंड प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल हुए
प्रविष्टि तिथि:
31 MAY 2017 3:56PM by PIB Delhi
सशस्त्र सीमा बल की 7वीं अंर-फ्रंटियर बैंड प्रतियोगिता का समापन कल नई दिल्ली में हुआ। केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री श्री किरेन रिजिजू विभिन्न कार्यक्रमों और पुरस्कर वितरण से सुसज्जित इस प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए श्री रिजिजू ने कहा कि सुरक्षा बलों में बैंड की परंपरा की लंबा इतिहास है। सालों पहले युद्ध के समय में त्रुशि, शंख आदि वाद्ययंत्रों का इस्तेमाल युद्ध को शुरु अथवा बंद करने के लिए किया जाता था, वहीं दूसरी ओर ड्रम और नगाड़ा आदि यंत्रों का इस्तेमाल युद्ध के मैदान में हमले की घोषणा करने आदि के लिए किया जाता था। इसी प्रकार, वर्तमान दौर में भी बैंड औपचारिक घटनाओं और परेड का एक अभिन्न हिस्सा है। बैंड सैनिकों के मनोबल को बनाए रखने और खाली समय में सैनिकों का मनोरंजन करने के लिए प्रेरणादायक धुनें बजाता है।
इस अवसर पर अपने विचार रखते हुए एसएसबी की महानिदेशक श्रीमती अर्चना रामसुन्दरम ने कहा कि एसएसबी में बैंड का प्रदर्शन करने वाले जवानों को एक प्रभावशाली मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अंतर-फ्रंटियर बैंड प्रतियोगिता की शुरुआत वर्ष 2011 में की गई थी। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वले एसएसबी के सभी फ्रंटियर बैंड टीम प्रतिभागियों को बधाई दी और सभी तरह की प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ बनने के लिए प्रेरित किया।
आईजी (पीएंडटी) श्रीमती रेणुका मिश्रा ने अपने संबोधन में वर्तमान में एसएसबी में शामिल बैंडों की संख्या और अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता में एसएसबी बैंड द्वारा हासिल किए गए स्थान के बारे में बताया।
समापन कार्यक्रम के दौरान शाम की शुरुआत सिलिगुड़ी फ्रंटियर के पाइप और ब्रास बैंड के शानदार प्रदर्शन के साथ हुई। इसके बाद अन्य प्रतिभागी बैंड टीमों ने अपनी प्रस्तुति दी। एक स्वर कार्यक्रम का भी आजोयन किया गया, जिसमें एसएसबी की केन्द्रीय बैंड टीम से भी हिस्सा लिया। एसएसबी की महानिदेशक ने इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने और सफल आयोजन कराने में अहम योगदान देने वाले सेवानिवृत्त कर्नल जी.पी. थपलियाल और मेजर अशोक कुमार की सराहना की।
ब्रास बैंड प्रतियोगिता में सिलिगुड़ी फ्रंटियर को पहला स्थान प्राप्त हुआ, जबकि बगलर प्रतियोगिता में लखनऊ फ्रंटियर को पहला स्थान हासिल हुआ। पाइप एवं ब्रास बैंड प्रतियोगिता में पटना फ्रंटियर को प्रथम स्थान पर घोषित किया गया, जबकि जैज़ बैंड प्रतियोगिता का ताज़ गुवाहाटी फ्रंटियर के नाम सजा।
*****
जीवाई/प्रवीन – 1572
(रिलीज़ आईडी: 1491521)
आगंतुक पटल : 26