सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय

पूर्वोत्‍तर में मजदूरों को निर्माण स्‍थल पर ही निर्माण उपकरणों को चलाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, 





प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत एनएचआईडीसीएल- एनएसडीसी एक हजार से भी अधिक लोगों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण देंगे,

श्री गडकरी ने आज त्रिपुरा के कामगारों के लिए प्रशिक्षण के पहले चरण का शुभारंभ किया  

प्रविष्टि तिथि: 01 JUN 2017 2:22PM by PIB Delhi

 

 

 
 

 

 

   पूर्वोत्‍तर राज्‍यों में कामगारों को प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई) के अंतर्गत निर्माण क्षेत्र में इस्‍तेमाल किये जाने वाले उपकरणों को चलाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सड़क परिवहन और राजमार्ग तथा शिपिंग मंत्री श्री नीतिन गड़करी ने आज नई दिल्‍ली में वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिये इस प्रकार के प्रशिक्षणों के पहले चरण का शुभारंभ किया। यह प्रशिक्षण राष्‍ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के सहयोग से राष्‍ट्रीय राजमार्ग बुनियादी ढांचा विकास कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) द्वारा पूर्वोत्‍तर में अपने परियोजना स्‍थलों पर दिया जा रहा है। पहले चरण में त्रिपुरा में राष्‍ट्रीय राजमार्ग-44 के अगरतला-उदयपुर-सबरूम सेक्‍शन पर चल रही परियोजनाओं के दो निर्माण कार्यालयों पर 20-20 लोगों के दो बैच में 40 प्रशिक्षुओं को एक से 30 जून, 2017 तक एक महीने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।  इस कार्यक्रम के तहत पूर्वोत्‍तर में एक हजार से अधिक लोगों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जायेगा।

    उद्घाटन करते हुए श्री गड़करी ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्‍य पूर्वोत्‍तर राज्‍यों के स्‍थानीय युवाओं में कौशल विकसित करना है, ताकि क्षेत्र की आगामी परियोजनाओं में उन्‍हें रोजगार मिल सके। उन्‍होंने कहा कि उनका मंत्रालय पूर्वोत्‍तर, अन्‍य दूरदराज तथा अल्‍प विकसित क्षेत्रों में अधिक से अधिक स्‍थानीय ठेकेदारों को भी काम दे रहा है, ताकि वे निर्माण स्‍थल पर प्रशिक्षित स्‍थानीय युवाओं को अपने कार्य में शामिल कर सकें। श्री गडकरी ने कहा कि स्‍थानीय युवाओं को प्रशिक्षण देने और रोजगार की संभावना बढ़ाने के लिए 71 चालक प्रशिक्षण स्‍कूल भी शुरू किये जा रहे हैं।

     इस अवसर पर सड़क परिवहन और राजमार्ग तथा शिपिंग राज्‍य मंत्री श्री मनसुख एल. मंडाविया ने कहा कि स्‍थानीय युवाओं को प्रशिक्षण देने से उद्योग पूर्वोत्‍तर की ओर आएंगे तथा निर्माण की गुणवत्‍ता में भी सुधार होगा।  

 

***

जीवाई/एमके/वाईबी-1590

 


(रिलीज़ आईडी: 1491619) आगंतुक पटल : 36