संचार मंत्रालय
संचार मंत्री श्री मनोज सिन्हा ने इंडिया मोबाइल कांग्रेस-2017 के अंतर्राष्ट्रीय आयोजन के ऐलान के साथ ही इसका लोगो जारी किया
प्रविष्टि तिथि:
30 MAY 2017 4:01PM by PIB Delhi
केंद्रीय संचार मंत्री श्री मनोज सिन्हा ने इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2017 के औपचारिक शुरुआत की घोषणा की। सूचना और संचार तकनीक क्षेत्र में देश के पहले और सबसे बड़े मोबाइल कांग्रेस के आयोजन का लक्ष्य इस क्षेत्र की सभी बड़ी कंपनियों को एकसाथ लाकर भारतीय टेलीकॉम उद्योग को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बराबरी पर खड़ा करना है।
तीन दिन तक चलने वाले अंतर्राष्ट्रीय मोबाइल कांग्रेस का आयोजन 27 से 29 सितंबर 2017 तक दिल्ली के प्रगति मैदान में किया जाएगा। इसमें सरकारी विभागों के साथ ही टेलीकॉम सेवा प्रदाता, टेलीकॉम सामान बनाने वाले निर्माता, मोबाइल फोन कंपनियां और ऐप बनाने वाली कंपनियां हिस्सा लेंगी।
इस आयोजन का कार्यक्रम और लोगो जारी करते हुए श्री सिन्हा ने कहा कि भारतीय मोबाइल कांग्रेस टेलीकॉम उद्योग का सबसे बड़ा आयोजन साबित होगा और इसमें इस उद्योग से जुड़ी सभी कंपनियां और सरकारी विभाग एक मंच पर आएंगे। इससे जुड़े सभी लोगों के लिए सूचना और संचार तकनीक के क्षेत्र में विस्तार और नई ऊंचाइयों को छूने के लिए ये बड़ा अवसर साबित होगा। ये हम सबके लिए गर्व का क्षण है और इस बड़े आयोजन को सफल बनाने के लिए हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2017 दुनियाभर के मोबाइल उद्योग को दिल्ली में एकसाथ एक मंच पर लाएगा, जिसमें कंपनियां नई खोज, नए उत्पाद और भारत में अपने अनुभव को प्रदर्शित करेंगी। ये आयोजन टेलीकॉम्यूनिकेशन विभाग और सेल्यूलर ऑपरेटर एसोसिएशन ऑफ इंडिया तथा दूसरे संस्थानों के सौजन्य से किया जा रहा है। इस आयोजन में भारतीय टेलीकॉम क्षेत्र के दिग्गजों के अलावा इस क्षेत्र में नाम कमाने वाले दुनिया के बड़े संस्थान भी हिस्सा लेंगे और भारत में निवेश के रास्ते बनाएंगे।
टेलीकॉम मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव एन. शिवासाइलम ने कहा कि भारतीय मोबाइल कांग्रेस को एक यादगार आयोजन बनाएंगे।
भारत में डिजिटल क्रांति के दौर चल रहा है। टेलीकॉम उद्योग फोन कॉल बाजार से डाटा सेवा की ओर तेजी से बढ़ रहा है। डाटा सेवा के विस्तार से वित्तीय सेवाओं, शिक्षा, शासन प्रणाली और स्वास्थ्य सुविधाओं में काफी सुधार आएगा। सरकार की विनियमन नीति और 4जी सेवाओं के बाजार में आने से टेलीकॉम उद्योग के आने वाले दिनों में और तेज विकास की संभावना है।
<><><><><>
जीवाई/पीकेटी/जीआरएस-1595
(रिलीज़ आईडी: 1491639)
आगंतुक पटल : 35