गृह मंत्रालय

गृह मंत्री ने सीआरपीएफ के सुम्‍बल कैंप में सतर्कता और अद्वितीय साहस दिखाने के लिए सीआरपीएफ और जम्‍मू-कश्‍मीर पुलिस को बधाई दी

प्रविष्टि तिथि: 05 JUN 2017 7:04PM by PIB Delhi
 
 
 
केंद्रीय गृहमंत्री श्री राजनाथ सिंह ने आज केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के सुम्‍बल कैंप में सतर्कता और अद्वितीय साहस दिखाने के लिए सीआरपीएफ की 45वीं बटालियन और जम्‍मू कश्‍मीर पुलिस को बधाई दी। 

गृहमंत्री के वक्‍तव्‍य का मूलपाठ इस प्रकार हैं:

‘’आज तड़के 4:00 बजे हथियारों से लैस फिदायीन आतंकवादियों के समूह ने सीआरपीएफ के सुम्‍बल कैंप के सुरक्षा घेरे को तोड़ने के उद्देश्‍य से शिविर में घूसने का प्रयास किया । फिदायीन आतंकवादी ऑटोमेटिक रायफलों, ग्रेनेड तथा पेट्रोल जैसी ज्‍वलनशील सामग्री से लैस थे। आतंकवादियों द्वारा रखी गई रसद से संकेत मिलता है कि उनका इरादा बड़े पैमाने पर तबाही मचाने का था।

आतंकवादियों के समूह ने बाड़ की तार को काट कर घुसने का प्रयास किया और शिविर में घुसने के लिए संतरी दल पर गोली चलाई। संतरी दल ने सतर्कता के साथ जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से गोली-बारी हुई। इस दौरान आतंकवादियों ने दो दर्जन से अधिक हथगोले फेंके और बचकर भागने का प्रयास किया, लेकिन सीआरपीएफ के जवानों ने पड़ोस के जम्‍मू कश्‍मीर के पुलिस के जवानों के सहयोग से सभी चार आतंकवादियों को मार गिराया। सीआरपीएफ तथा जम्‍मू कश्‍मीर पुलिस के जवानों ने अदम्‍य साहस और वीरता के साथ उनके साजिशों को नाकाम कर दिया और सभी आतंकवादियों को मार गिराया।

मारे गए आतंकवादियों के पास से बड़े पैमाने पर हथगोले, विस्‍फोटक तथा ऑटोमेटिक हथियार बरामद किए गए।

सीआरपीएफ जवानों द्वारा पूरी रात जगे रह कड़ी निगरानी रखना और सीआरपीएफ की सहायता में फौरन मुस्‍तैद होने वाले जम्‍मू-कश्‍मीर पुलिस के जवानों से प्रेरणा मिलती है। उनके संयुक्‍त प्रयास से सुरक्षा बलों को सम्‍मान मिला है।

देश सीआरपीएफ विशेषकर सीआरपीएफ की 45वीं बटालियन और जम्‍मू-कश्‍मीर पुलिस को उनकी सतर्कता और अद्वितीय साहस के लिए सलाम करता है। कमांडेंटश्री इकबाल अहमद, कंपनी कमांडर श्री शंकरलाल जाट तथा श्री पंकज हल्‍लू, गार्ड कमांडर श्री पंकज कुमार तथा सिपाही श्री के. दिनेश राजा और श्री प्रफुल्‍ल कुमार और सुम्‍बल कैंप में तैनात सभी अधिकारियों और जवानों की उनकी सतर्कता और अद्वितीय बहादुरी को मिसाल के रूप में प्रस्‍तुत किया जाना चाहिए। 
 

 

*****

 

वीके/जीवाई/एजी/एसकेपी-1623

(रिलीज़ आईडी: 1491835) आगंतुक पटल : 25