शिक्षा मंत्रालय
मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय ने आज आईआईएम शिलांग का दौरा किया
मंत्री ने कहा कि स्वामित्व की भावना संस्थागत निर्माण को विशेष स्वरूप प्रदान करती है
प्रविष्टि तिथि:
09 JUN 2017 8:52PM by PIB Delhi
| |
|
मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री डा0 महेन्द्र नाथ पांडेय ने आज भारतीय प्रबंध संस्थान शिलांग का दौरा किया। मंत्री जी को भारतीय प्रबंधन संस्थान शिलांग के मौजूदा कॉम्पलेक्स एवं सभागार, जिसमें डा0 कलाम ने अपना अंतिम भाषण दिया था, सहित सभी परिसरों के अवलोकन के लिए ले जाया गया।
इस दौरान डा0 पांडेय का संस्थान में स्वागत किया गया जिसके बाद उन्होंने निदेशक तथा संकाय सदस्यों के साथ क्षेत्रीय तथा राष्ट्रीय महत्व के विभिन्न मुद्दों पर विचार विमर्श किया। संस्थान की प्रगति से प्रसन्न डा0 पांडेय ने वहां उपस्थित लोगों को आने वाले दिनों में निरंतर प्रयास जारी करने के लिए प्रोत्साहित किया, ताकि वे राष्ट्रीय तथा अंतराष्ट्रीय आकांक्षाओं को पूरा करने के मानक बरकरार रखने में समर्थ हो सकें। उन्होंने उल्लेख किया कि संस्थान का प्रत्येक सदस्य दिल से काम कर रहा है। यही स्वामित्व की भावना भविष्य में संस्थागत निर्माण का कारण बनेगी।
माननीय मंत्री ने महसूस किया कि भारतीय प्रबंध संस्थान, शिलांग को निरंतर भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र की विकासात्मक जरूरतों पर फोकस करने में उत्प्रेरक की भूमिका अदा करना चाहिए जिससे कि यह पूरे भारत के विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्रदान करने के अतिरिक्त पूर्वोत्तर क्षेत्र के समस्त विकास के लिए भी सहायक हो सके। उन्होंने संस्थान के नेतृत्व को प्रधानमंत्री मोदी के सर्वांगीण सामाजिक विकास के सपने को पूरा करने की दिशा में किए गए प्रयासों पर बधाई दी।
विचार-विमर्श के दौरान संस्थान के निदेशक ने 10 वर्ष की अवधि के दौरान संस्थान के विद्यार्थियों तथा शिक्षाविदों की निरंतर उपलब्धियों की कहानियां सुनाई। उन्होंने मंत्री जी को एपीजे अब्दुल कलाम नीति अनुसंधान तथा विश्लेषण केन्द्र की स्थापना के लिए पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास तथा पूर्वोत्तर परिषद की सहायता के बारे में बताया। प्रो0 डे ने बताया कि इस केन्द्र का उद्देश्य 6 महत्वपूर्ण क्षेत्रों- पर्यटन, बीपीओ, लॉजिस्टिक, हथकरघा तथा हस्तशिल्प में विकासात्मक संरचना तैयार करना है।
*****
वीके/जेडी/एके-1690 |
(रिलीज़ आईडी: 1492471)
आगंतुक पटल : 29