पूर्वोत्‍तर क्षेत्र विकास मंत्रालय

पूर्वोत्‍तर क्षेत्र उद्योग एवं वाणिज्‍य महासंघ के अध्‍यक्ष श्री पबित्र बरगोहैन ने पूर्वोत्‍तर क्षेत्र विकास मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से भेंट की

प्रविष्टि तिथि: 15 JUN 2017 5:38PM by PIB Delhi

पूर्वोत्‍तर क्षेत्र उद्योग एवं वाणिज्‍य महासंघ (फाइनर) के अध्‍यक्ष श्री पबित्र बरगोहैन ने आज यहां केंद्रीय पूर्वोत्‍तर क्षेत्र विकास (डोनर) राज्‍य मंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार), पीएमओ, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्‍य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से भेंट की। इस बैठक के दौरान भारत में उद्योग के विकास से संबंधित जिन अन्‍य मुद्दों पर विस्‍तार से चर्चा हुई उनमें जुलाई माह से वस्‍तु एवं सेवा कर (जीएसटी) को लागू करने का विषय भी शामिल था। श्री पबित्र बरगोहैन ने जीएसटी के साथ-साथ पूर्वोत्‍तर क्षेत्र के औद्योगिक उत्‍पादों से संबंधित कर प्रावधानों पर भी अपने विचार व्‍यक्‍त किए।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि जीएसटी वैश्विक अर्थव्‍यवस्‍था में भारत को उपयुक्‍त स्‍थान दिलाने में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाएगा और इसके साथ ही देश की अर्थव्‍यवस्‍था में अहम योगदान भी देगा। उन्‍होंने कहा कि यह विशेष कर पूर्वोत्‍तर क्षेत्र के लिए महत्‍वपूर्ण है जो देश भर में कर व्‍यवस्‍था में एकरूपता से लाभ उठा सकता है। उन्‍होंने कहा कि इससे कर चोरी पर अंकुश लगाने में भी मदद मिलेगी।

श्री पबित्र बरगोहैन ने डॉ. जितेंद्र सिंह को यह आश्‍वासन दिया कि उद्योग जगत पूर्वोत्‍तर क्षेत्र में जीएसटी को लागू करने के सरकारी निर्णय में अपनी ओर से सहयोग देगा। उनके द्वारा व्‍यक्‍त की गई कुछ चिंताओं को दूर करते हुए डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि आरंभ में कुछ विशेष ढील दी जाएगी और कुछ समायोजन करने की भी गुंजाइश रहेगी। उन्‍होंने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में जीएसटी को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए पूर्वोत्‍तर क्षेत्र में कनेक्टिविटी से जुड़े मसलों को भी काफी हद तक सुलझाया जाएगा।

 

***

वीके/आरआरएस/एनएम-1744


(रिलीज़ आईडी: 1492919) आगंतुक पटल : 23