रक्षा मंत्रालय
रक्षा मंत्री रूस की यात्रा पर जा रहे हैं
प्रविष्टि तिथि:
20 JUN 2017 4:33PM by PIB Delhi
केन्द्रीय रक्षा, वित्त एवं कंपनी मामलों के मंत्री श्री अरूण जेटली एक उच्च स्तरीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ आज से तीन दिनों की रूस की यात्रा पर जा रहे हैं जहां वे रूस की सरकार के साथ दो बैठकों की सह-अध्यक्षता करेंगे।
21 जून को श्री जेटली विज्ञान और प्रौद्योगिकी पर भारत-रूस उच्च स्तरीय समिति की पहली बैठक की सह-अध्यक्षता रूस के उप-प्रधानमंत्री श्री दिमित्री रोगोजिन के साथ करेंगे। उच्च प्रौद्योगिकी में सहयोग पर चर्चा करने के लिए यह एक नई समिति है। यह बैठक नोवोसिबिर्स्क शहर में टेक्नोप्राम प्रदर्शनी के दौरान आयोजित की जाएगी। रक्षा मंत्री टेक्नोप्राम के मुख्य सत्र को संबोधित भी करेंगे, जो रूस का एक प्रमुख वार्षिक विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार प्रदर्शनी है।
23 जून को रक्षा मंत्री अपने रूस के सहयोगी जनरल सर्गेई शूगू के साथ मास्को में सैन्य-तकनीकी सहयोग पर भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की 17 वीं बैठक के सह-अध्यक्ष होंगे। इस बैठक में दोनों देशों के बीच विशेष और विशेषाधिकारित सामरिक भागीदारी के ढांचे के भीतर भारत और रूस के बीच सैन्य और सैन्य तकनीकी सहयोग के मुद्दों की पूरी श्रृंखला की समीक्षा भी होगी।
***
वीके/पीकेपी/एसएस–1787
(रिलीज़ आईडी: 1493361)
आगंतुक पटल : 31