गृह मंत्रालय

केन्‍द्रीय गृह सचिव श्री राजीव महर्षि ने आईटीबीपी के पर्वत धौलागिरी-। अभियान के सदस्‍यों की अगवानी की

प्रविष्टि तिथि: 27 JUN 2017 5:42PM by PIB Delhi

केन्‍द्रीय गृह सचिव श्री राजीव महर्षि और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के महानिदेशक श्री कृष्‍ण चौधरी ने आज यहां स्थित मुख्‍यालय में आईटीबीपी के प्रथम पर्वत धौलागिरी-1 (8167 मीटर) अंतर्राष्‍ट्रीय पर्वतारोहण अभियान-2017 के सदस्‍यों की अगवानी की।  पर्वतारोहण में आईटीबीपी के योगदान एवं उपलब्धियों की सराहना करते हुए श्री महर्षि ने इस अभियान के नेता और टीम के सदस्‍यों को बधाई दी।

      श्री महर्षि ने कहा कि आईटीबीपी पर्वतों से जुड़ा प्रशिक्षण प्राप्‍त करने वाला अनूठा बल है। उन्‍होंने यह भी कहा कि हिमालय पर्वत के आसपास काम करने की जो दुर्गम स्थितियां होती हैं उनसे इस बल के क‍र्मियों के पर्वतारोहण कौशल को परखने में मदद मिलती है। उन्‍होंने उम्‍मीद जताई कि यह बल भविष्‍य में भी पर्वतारोहण के क्षेत्र में उल्‍लेखनीय योगदान देगा एवं देश के नाम कई और उपलब्धियां हासिल करेगा। आईटीबीपी के महानिदेशक श्री कृष्‍ण चौधरी ने इस सफल अभियान का उल्‍लेख करते हुए कहा कि आईटीबीपी के छह पर्वतारोही धौलागिरी-1 की चोटी पर पहुंचने में कामयाब रहे हैं, जो इस बल द्वारा सफलतापूर्वक पूरा किया गया इस तरह का प्रथम मिशन है। इस अभियान के दौरान पर्वतारोहण टीम के सदस्‍यों को तरह-तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ा। कमांडेंट श्री अर्जुन सिंह ने 25 सदस्‍यीय पर्वतारोहण टीम की अगुवाई की।

पर्वत धौलागिरी-1 दुनिया की सातवीं सबसे ऊंची पर्वतीय चोटी है और यह नेपाल में अवस्थित है।

इस अभियान को श्री महर्षि और श्री चौधरी द्वारा 10 मार्च, 2017 को इस बल के मुख्‍यालय से झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। आईटीबीपी ने अब तक 207 पर्वतारोहण अभियानों को सफलतापूर्वक पूरा किया है, जो कि एक अनोखा रिकॉर्ड है।

***

वीके/आरआरएस/जीआरएस-1852


(रिलीज़ आईडी: 1493864) आगंतुक पटल : 39