प्रधानमंत्री कार्यालय
वाशिंगटन डीसी में भारतीय समुदाय से मिले प्रधानमंत्री
प्रविष्टि तिथि:
25 JUN 2017 11:57PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज वाशिंगटन डीसी में भारतीय समुदाय के लोगों से मिले। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि भारत से जब भी कोई कोई अच्छी खबर आती है अमेरिका में बसे भारतीय प्रवासी खुशी मनातें हैं और चाहते हैं कि भारत नयी ऊंचाइयों को छुए। उन्होंने प्रवासी भारतीयों की अमेरिकी अर्थव्यवस्था में योगदान की भूमिका की सराहना भी की।
उन्हेाने कहा कि भारत के लोगों को अब अवसर और बेहतर माहौल मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्दी ही ये लोग देश में भी बड़ा परिवर्तन लेकर आएंगे।
प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि पिछले तीन सालो में केन्द्र सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है। उन्होंने भ्रष्टाचार खत्म करने में प्रौद्योगिकी की भूमिका की विशेष रुप से चर्चा की। इस अवसर पर उन्होंने प्रत्यक्ष लाभ अंतरण योजना के लाभों का विस्तार से जिक्र करते हुए कहा कि इससे जरुरतमंदों तक सब्सिडी का लाभ पहुंचाने और इसमें किसी तरह की गड़बडी को रोकने में काफी मदद मिली है।
श्री मोदी ने एलपीजी सब्सिडी योजना को स्वत: छोड़ने वाले परिवारों को बधाई दी। उन्होंने इस संदर्भ में देश के पांच करोड गरीब परिवारों को एलपीजी कनेक्शन दिए जाने की योजना का जिक्र करते हुए कहा ‘ मैं जब भी एक विकसित भारत के बारे में सोचता हूं तो एक स्वस्थ्य भारत के बारे में सोचता हूं,जिसमें खासतौर से देश की महिलाओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य की सोच होती है।’
प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रौद्योगिक आधारित शासन के जरिए एक आधुनिक भारत का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत के लोगों की आकांक्षाओं को सही नीतियों और कुशल प्रशासन के जरिए ही पूरा किया जा सकता है। आतंकवाद के खतरों पर उन्होंने कहा कि दुनिया आज इस खतरे को समझ रही है। उन्होंने इस संदर्भ में भारत की ओर से हाल में किए गए सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र किया।
उन्हेाने इस अवसर पर दुनिया भर में संकट में फंसे लोगों की मदद में विदेश मंत्रालय और खासतौर से विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की भूमिका की प्रशंसा भी की।
*****
AK/HS/MS
(रिलीज़ आईडी: 1494217)
आगंतुक पटल : 31