प्रधानमंत्री कार्यालय
प्रधानमंत्री इजरायल पहुंचे, बेन गुरियन हवाई अड्डे पर उनका औपचारिक स्वागत किया गया
प्रविष्टि तिथि:
04 JUL 2017 7:57PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आज तेल अवीव के बेन गुरियन हवाई अड्डे पर पहुंचे।
इजरायल के प्रधानमंत्री श्री बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री मोदी के आगमन पर एक जबरदस्त आधिकारिक स्वागत समारोह के तहत उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया।
प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने हिंदी में 'आपका स्वागत है मेरे दोस्त' कहते हुए अपने प्रेस वक्तव्य की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का खुली बाहों से स्वागत किया गया है और यहां तक कि आकाश भी दोनों देशों के बीच सहयोग की सीमा नहीं है। उन्होंने एक महान नेता और एक 'विश्व नेता' के रूप में प्रधानमंत्री की सराहना की।
इस अवसर पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने हिब्रू में शुभकामनाएं 'शालोम लेकुलम' देते हुए शुरुआत की। उन्होंने हिब्रू में यह भी कहा कि 'यहां इजरायल आकर मुझे काफी प्रसन्नता हो रही है।'
उन्होंने ठीक 41 साल पहले 4 जुलाई को एंटेबे में इजरायली ऑपरेशन को याद किया जब प्रधानमंत्री नेतन्याहू के बड़े भाई ने कई इजरायल बंधकों को बचाते हुए अपना जीवन बलिदान कर दिया था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि निरंतर उच्च वृद्धि और समग्र विकास की हमारी राह में भारत इजरायल को एक महत्वपूर्ण साझेदार मानता है।
उन्होंने कहा कि साझा आर्थिक समृद्धि के लिए साझेदारी करने के साथ-साथ हम आतंकवाद जैसे साझा खतरों से अपने समाज को सुरक्षित करने के लिए भी सहयोग कर रहे हैं।
इज़राइल में रहने वाले भारतीय समुदायों से मिलने की इच्छा व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय मूल के यहूदियों ने हमारे दोनों समाजों को समृद्ध किया है।
****
AKT/HS/SKC
(रिलीज़ आईडी: 1494790)
आगंतुक पटल : 43