प्रधानमंत्री कार्यालय

प्रधानमंत्री ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम का उत्‍साह बढ़ाया 

प्रविष्टि तिथि: 27 JUL 2017 8:56PM by PIB Delhi
 
प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने महिला विश्‍व कप क्रिकेट प्रतियोगिता में हिस्‍सा लेकर लौटी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाडि़यों और अधिकारियों से आज बातचीत की और उनका उत्‍साह बढ़ाया।

खिलाडि़यों ने कहा कि उन्‍होंने पहली बार किसी प्रधानमंत्री को महिला क्रिकेट टीम के लिए ट्वीट करते हुए देखा है। उन्‍होंने कहा कि उन्‍हें इस बात से काफी गर्व और प्रसन्‍नता की अनुभूति हुई है कि प्रधानमंत्री लगातार उनके प्रदर्शन पर ध्‍यान रखे हुए थे।

तनाव से निपटने के बारे में खिलाडि़यों द्वारा किए गए सवाल पर प्रधानमंत्री ने कहा कि मन, शरीर और क्रियाओं में बेहतर संतुलन स्‍थापित करने में योग सहायक है। उन्‍होंने यह भी कहा कि योगाभ्‍यास से ध्‍यान केंद्रित करने में मदद मिलती है।

प्रधानमंत्री ने खिलाडि़यों से कहा ‘वे हारी नहीं हैं। एक सौ पच्‍चीस करोड़ भारतीयों ने उनकी हार का बोझ अपने कंधों पर साझा किया है। यही उनकी सबसे बड़ी जीत है’।

उन्‍होंने कहा कि देश की बेटियों ने कई अन्‍तर्राष्‍ट्रीय खेल स्‍पर्धाओं में भारत का मान बढ़ाया है। विभिन्‍न क्षेत्रो में महिलाओं की प्रगति से समाज लाभान्वित हो रहा है। इस संदर्भ में प्रधानमंत्री ने खेलों के अलावा दसवीं और बारहवीं कक्षा के परीक्षा परिणामों तथा भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के महत्‍वाकांक्षी अभियानों में अहम भूमिका निभाने वाली महिला वैज्ञानिकों का भी उल्‍लेख किया।

खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री को हस्‍ताक्षरित बल्‍ला भी भेंट किया।
 

****



एकेटी/एचएस/बीएम/एमएस

(रिलीज़ आईडी: 1497538) आगंतुक पटल : 30