रक्षा मंत्रालय

भारतीय वायुसेना और सीमा सुरक्षा बल का संयुक्त महिला ऊंट दल अभियान

प्रविष्टि तिथि: 15 AUG 2017 11:14AM by PIB Delhi

भारतीय वायुसेना ने आज सीमा सुरक्षा बल के साथ संयुक्त महिला ऊंट दल अभियान का शुभारंभ किया। राजस्‍थान के बाड़मेर स्थि‍त उत्‍तरलाई से प्रारंभ हुआ यह अभियान दल पंजाब में अमृतसर स्थि‍त अटारी तक जाएगा और 30 सितंबर, 2017 को समाप्‍त होगा। इस अभियान दल को आज उत्‍तरलाई स्थित वायुसेना स्‍टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दल में वायुसेना और सीमा सुरक्षा बल के दस-दस महिला कर्मी सम्मिलित है।

वायुसेना के दस कर्मियों के दल का नेतृत्‍व स्‍क्‍वाड्रन लीडर अनियोस्‍का लोमस कर रही है और यह दल गुजरात, राजस्‍थान और पंजाब में लक्ष्य प्राप्त करने का प्रयास करेगा। वर्ष 2011 में भारतीय वायुसेना ने महिला अभियान दल ने माउंट एवरेस्‍ट पर तिरंगा और वायुसेना का ध्‍वज फहराकर इतिहास रचा था।

वायुसेना दल अपने आदर्श वाक्‍य ‘आसमान की बुलंदियों को गर्व के साथ स्‍पर्श’ की भावना को कायम रखते हुए इस लगभग 1400 किलोमीटर के साहसिक अभियान के लिए तैयार है। अभियान के दौरान दल नागरिकों को ‘स्‍वच्‍छ भारत’ और ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान के प्रति जागरूक करेगा। इसके साथ ही वायुसेना, इसकी भूमिका तथा वायुसेना में विशेष रूप से लड़कियों के लिए रोजगार के विभिन्‍न अवसरों पर भी जागरूक करेगा। अभियान का उद्देश्‍य भारतीय वायुसेना में साहसिक गतिविधियों को प्रोत्‍साहन देना और भारतीय युवाओं को वायुसेना में सम्मिलित होने के प्रति प्रोत्‍साहित करना है।

अभियान दल ने सीमा सुरक्षा बल कर्मियों के साथ जोधपुर स्थि‍त सीमा सुरक्षा बल के सहायक प्रशिक्षण केंद्र में अभ्‍यास किया। इस अवसर पर भारतीय वायुसेना के स्‍काईडाइंविंग दल ‘एयर डेविल’ ने अपनी गतिविधियों का प्रदर्शन भी किया।

वीके/एजे/एसके– 3408


(रिलीज़ आईडी: 1499749) आगंतुक पटल : 31