संस्‍कृति मंत्रालय

नव भारत आंदोलन की भावना से भव्‍य सांस्कृतिक समारोह

संस्कृति मंत्रालय ने नोएडा में संकल्प पर्व का तीसरा कार्यक्रम आयोजित किया

प्रविष्टि तिथि: 17 AUG 2017 2:44PM by PIB Delhi

'संकल्प पर्व-संकल्प से सिद्धी' के अंतर्गत नव भारत आंदोलन की भावना का जश्न मनाते हुए संस्कृति मंत्रालय ने आज नोएडा में इंदिरा गांधी कला केंद्र के सभागार में संकल्प संध्या का आयोजन किया। संस्कृति और पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ महेश शर्मा आज की संकल्प संध्या में मुख्य अतिथि थे।

डॉ महेश शर्मा ने सभी प्रतिभागियों को नव भारत की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्‍होंने कहा कि भारत की गौरवशाली संस्‍कृति और विरासत प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में संकल्‍प से सिद्धि पहल के विचार को साकार करेगी। उन्‍होंने लोगों से नव भारत आंदोलन में निहित लक्ष्‍यों को हासिल करने के लिए इस पर ध्‍यान केंद्रित करने का आह्वान किया। उन्‍होंने कहा कि यह संकल्‍प संध्‍या समकालीन मुद्दों के साथ ही प्रधानमंत्री के नव भारत की महत्‍वपूर्ण प्राथमिकता से जुड़ी है। यह आंदोलन ऐसी पहलों के जरिए स्थिति में सुधार लाने के लिए है।

संकल्‍प संध्‍या का शुभांरभ प्रसिद्ध गायिका सुश्री विद्या शाह द्वारा गाए गांधी जी के भजनों से हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांस्‍कृतिक केंद्रों के लोक कलाकारों ने ऊर्जावान प्रस्‍तुति पेश की। पंजाब के भांगड़ा और जिंदुआ, सिक्किम के तमांग शैल्‍लो और गुजरात के सिद्धि धमाल नृत्‍य सहित देश की कई नृत्‍य विधाओं का प्रदर्शन किया गया। संकल्‍प संध्‍या का समापन सूफी और गजल गायिका सुश्री इंदिरा नाईक की भावनात्‍मक आवाज में संकल्‍प शपथ के साथ संपन्‍न हुआ।

संस्‍कृति मंत्रालय ने अब तक दो संकल्‍प पर्व - पहला 12 अगस्‍त, 2017 को कोयम्‍बटूर में और दूसरा 16 अगस्‍त, 2017 को नई दिल्‍ली में आयोजित किए हैं। मंत्रालय की देश के विभिन्‍न स्‍थानों पर ‘’संकल्‍प से सिद्धि’ कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। इनमें शामिल हैं:-

· अहमदाबाद और भूज

· बैंगलोर और मैसूर

· वाराणसी और इलाहाबाद

· शिलांग और आइजोल

· अगरतला और कोहिमा

· धर्मशाला और शिमला

· कोलकाता और शांति‍ निकेतन

· पुद्दुचेरी और चेन्‍नई

 

वीके/एमके/एसके -3449


(रिलीज़ आईडी: 1500042) आगंतुक पटल : 49