शिक्षा मंत्रालय
श्री प्रकाश जावड़ेकर ने बैडमिंटन और तायक्वोंडो की भारतीय विश्वविद्यालय टीम के साथ बातचीत की
प्रविष्टि तिथि:
17 AUG 2017 4:06PM by PIB Delhi
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री श्री प्रकाश जावड़ेकर ने आज नई दिल्ली में बैडमिंटन और तायक्वोंडो (पुरुष और महिला) की भारतीय विश्वविद्यालय टीम के साथ बातचीत की। सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री श्री राजवर्धन सिंह राठौड़ भी इस अवसर पर उपस्थित थे। यह टीम ताइपे में 19 अगस्त से 30 अगस्त तक आयोजित होने वाले 29 वें विश्वविद्यालय खेलों में भाग लेगी।
अपने संबोधन में श्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि यह आपके जीवन का बहुत ही महत्वपूर्ण क्षण है और इस प्रतियोगिता में टीम को हर कोच और प्रतिभागी से कुछ न कुछ सीखना चाहिए क्योंकि यही सच्ची खेल भावना है। उन्होंने यह भी कहा कि अपने समय के सबसे बड़े धनुर्धर अर्जुन की तरह आपको अपना लक्ष्य साधना चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि दोनों टीमें पूरी तरह सफल होंगी और देश के लिए सम्मान और प्रतिष्ठा अर्जित करेंगी।
इस अवसर पर श्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़़ ने कहा कि प्रत्येक प्रतियोगिता से पहले घबराहट होना सामान्य बात है, लेकिन हमें सही रणनीति और मानसिक दृष्टिकोण पर ध्यान केंद्रित करते हुए इस स्थिति पर काबू पाकर खेल में जीत हासिल करनी चाहिए। उन्होंने दोनों टीमों को अपनी शुभकामनाएं दीं।
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के कुलपति श्री बी.के. पूनिया ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए दोनों मंत्रियों का आभार व्यक्त किया।
वीके/आईपीएस/एसके -3452
(रिलीज़ आईडी: 1500055)
आगंतुक पटल : 36