रेल मंत्रालय
रेल मंत्री श्री पीयूष गोयल ने ट्रेनों के संचालन में सुरक्षा के मुद्दे पर रेलवे बोर्ड के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की
बैठक में सुरक्षा की विस्तृत समीक्षा की गई
रेल मंत्री ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया
रेल मंत्री ने मानव रहित लेवल क्रॉसिंग और ट्रेनों के पटरी से उतरने की समस्या को दूर करने के लिए पांच तात्कालिक उपाय करने के निर्देश दिये
मानव रहित लेवल क्रॉसिंग को समाप्त करने के लिए बड़े पैमाने पर तेजी से काम किया जाएं, इसके लिए एक साल का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि पहले यह लक्ष्य तीन वर्षों का था
प्रविष्टि तिथि:
07 SEP 2017 5:26PM by PIB Delhi
रेल और कोयला मंत्री श्री पीयूष गोयल ने ट्रेनों के संचालन में सुरक्षा उपायों की विस्तृत समीक्षा करने के लिए आज रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों और रेलवे बोर्ड सुरक्षा निदेशालय के सदस्यों के साथ विस्तार से बैठक की। बैठक में सुरक्षा के बारे में विस्तृत प्रस्तुति दी गई। बैठक में हाल ही में हुई अनेक ट्रेन दुर्घटनाओं के कारणों के बारे में बारीकी से विश्लेषण किया गया। बैठक में रेल मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए और इस मोर्चे पर किसी भी प्रकार का कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
दुर्घटना के जिन दो कारणों की प्रमुख रूप से पहचान की गई वे हैं :
क. मानव रहित लेवल क्रॉसिंग पर 2016-17 में 34 प्रतिशत दुर्घटनाएं हुई है।
ख. पटरियों में खराबी के कारण ट्रेन का पटरी से उतरना।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि ट्रेनों के पटरी से उतरने के कारणों की पहचान की जाए, जो ट्रेन दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है। रेल मंत्री ने ट्रेनों के संचालन में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे बोर्ड को निम्नलिखित निर्देश दिए :-
- आज से एक वर्ष के भीतर समूचे भारतीय रेलवे नेटवर्क पर सभी मानव रहित लेवल क्रॉसिंग को तेजी से हटा दिया जाए। पहले इसका लक्ष्य तीन वर्षों का तय किया गया था, लेकिन अब परिवर्तनशील मंत्र ‘स्पीड, स्किल, स्केल’ के तहत यह काम एक वर्ष से कम वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
- पटरियों को बदलने/उनके नवीनीकरण के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और जहां पर नई लाइनों का निर्माण होना है वह उन स्थानों पर किया जाए, जो दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील हैं और जहां पटरियों को बदला जाना है।
- नई पटरियां खरीदने के कार्य में बड़े पैमाने पर तेजी लाई जाए, ताकि नई लाइनों के निर्माण का कार्य समय पर पूरा हो सके।
- परम्परागत आई सी एफ डिजाइन कोच का निर्माण रोक दिया जाए और केवल नये डिजाइन के एल एच बी कोच बनाए जाएं।
- इंजनों में कोहरा रोधक एल ई डी लाइटें लगाई जाएं, ताकि कोहरे के मौसम के दौरान ट्रेनों का संचालन सुरक्षित तरीके से हो सके।
रेल मंत्री ने रेलवे बोर्ड को निर्देश दिया कि वह नियमित आधार पर इस कार्य योजना के कार्यान्वयन की निगरानी करे।
***
वीके/एकेपी/केपी/वाईबी/जीआरएस–3689
(रिलीज़ आईडी: 1502083)
आगंतुक पटल : 32