उप राष्ट्रपति सचिवालय

सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन भारत का विकास मंत्र : उपराष्ट्रपति

बेलारूस गणराज्य के राष्ट्रपति से मुलाकात की

प्रविष्टि तिथि: 12 SEP 2017 5:31PM by PIB Delhi

उपराष्ट्रपति श्री वैंकया नायडू ने कहा है कि सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन भारत के विकास का मंत्र है। बेलारूस गणराज्य के राष्ट्रपति श्री अलेक्जेंडर लुकानशेंको के साथ बातचीत के दौरान उपराष्ट्रपति श्री नायडू ने यह बात कही।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की जून 2015 में बेलारूस की यात्रा के बाद दोनो देशों के बीच द्विपक्षीय दौरों में तेजी आयी है। दोनों ही देशों के बीच उच्च स्तरीय वार्ताओं की श्रृंखला निरंतर जारी है। उन्होंने आगे कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थाई सदस्यता और अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय में न्यायाधीश पद के लिए श्री दलवीर भंडारी के नामांकन का समर्थन करने के लिए भारत बेलारुस का आभारी है। दोनों ही देशों के बीच आपसी व्यापार में असीम संभावनाएं हैं और व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।

उपराष्ट्रपति वैंकया नायडू ने कहा कि भारत में विश्व स्तर की स्वास्थ्य सुविधायें मौजूद हैं। इससे दोनो ही देशों के बीच मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा मिल सकता है।

उपराष्ट्रपति ने दौरे पर आये प्रतिनिधिमंडल को राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मुलाकात के पहले शुभकामनाएं दी।

बेलारूस के राष्ट्रपति ने उपराष्ट्रपति श्री वैंकया नायडू को बेलारूस की यात्रा का आमंत्रण दिया और औपचारिक आमंत्रण भेजने की पेशकश की।

वीके/बीपी/ललित – 3741


(रिलीज़ आईडी: 1502554) आगंतुक पटल : 36