रेल मंत्रालय

प्रधानमंत्री 22 सितम्बर, 2017 को वाराणसी और वडोदरा के बीच चलने वाली तीसरी महामना एक्सप्रेस को झण्डी दिखाकर रवाना करेंगे

प्रविष्टि तिथि: 21 SEP 2017 8:20PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 22 सितम्बर, 2017 को वाराणसी में वीडियो कॉनफ्रेन्सिंग के जरिए वाराणसी और वडोदरा के बीच चलने वाली तीसरी महामना एक्सप्रेस को झण्डी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अवसर पर रेल मंत्री श्री पीयूष गोयल व गुजरात के उपमुख्यमंत्री श्री नितिन भाई पटेल वडोदरा स्टेशन पर तथा केंद्रीय रेल और संचार राज्यमंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) सूरत रेलवे स्टेशन पर उपस्थित रहेंगे।

 अपनी पहली यात्रा में यह रेलगाड़ी वडोदर-वाराणसी स्पेशल ट्रेन (संख्या 09103) के नाम से चलेगी और वडोदरा से 22 सितम्बर, 2017 को प्रस्थान करके 23 सितम्बर, 2017 को वाराणसी पहुँचेगी।

 इसी प्रकार वापसी में यह रेलगाड़ी, वडोदरा-वाराणसी स्पेशल ट्रेन (संख्या 09104) वाराणसी से 23 सितम्बर, 2017 को 22:00 बजे प्रस्थान करेगी और 25 सितम्बर, 2017 को 01.50 बजे वडोदरा पहुँचेगी।

 पहली यात्रा के पश्चात् 27 सितम्बर, 2017 से इस ट्रेन की नियमित सेवा प्रारम्भ हो जाएगी। ट्रेन संख्या 20903 वडोदरा-वाराणसी साप्ताहिक सुपरफास्ट महामना एक्सप्रेस वडोदरा से प्रत्येक बुधवार को 19.40 बजे खुलेगी और अगले दिन 22.20 बजे वाराणसी पहुँचेगी। इसी प्रकार वापसी में यह ट्रेन संख्या 20904 वाराणसी-वडोदरा साप्ताहिक सुपरफास्ट महामना एक्सप्रेस वाराणसी से प्रत्येक शुक्रवार को 06.10 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 9.40 बजे वडोदरा पहुँचेगी। रास्ते में ट्रेन भरूच, सूरत, अमलनेर, भुसावल, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना और छिओकी स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन में एसी-1, एसी-2, शयनयान श्रेणी और दूसरी श्रेणी के साधारण डिब्बे होंगे।

 महामना एक्सप्रेस की पहली यात्रा के लिए टिकट की बुकिंग तत्काल प्रभाव से प्रारम्भ हो गई है। ट्रेन की नियमित सेवा के लिए टिकट बुकिंग 22 सितम्बर, 2017 से प्रारम्भ होगी।

 दो अन्य महामना एक्सप्रेस ट्रेन-22163/64 भोपाल खजुराहो और 22417/18 वाराणसी दिल्ली पहले से ही चल रहे हैं।

 महामना एक्सप्रेस की मुख्य विशेषताएं

 

  • बेहतर सुरक्षा के लिए मॉड्यूलर पैनल।
  • पैनल निर्माण के लिए उच्च श्रेणी के धातुओं का उपयोग।
  • सभी शयनयान डिब्बों में ऊपर की सीट के लिए विशेष रूप से डिजाइन की गई सीढ़ी का उपयोग।
  • सुन्दरता को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से डिजाइन किए गए शौचालय। यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ा दर्पण, एलईडी लाइट, डस्ट बीन, एग्जॉस्ट फैन, दुर्गंध नियंत्रण व्यवस्था आदि।
  • विद्युत जंक्शन को यात्री क्षेत्र से स्थानांतरित करके गैर यात्री क्षेत्र में लाया गया है।
  • ई-बीम केबल का उपयोग।
  • बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए एलईडी लाइट का उपयोग। यह बिजली की खपत कम करेगा और बेहतर रोशनी प्रदान करेगा।
  • सभी डिब्बों में मोबाइल/लैपटॉप चार्ज करने की सुविधा।
  • सभी डिब्बो में अग्नि शमन यंत्रों की सुविधा।
  • भोजन यान में विद्युत चालित चिमनी का उपयोग।
  • मालवाहक डिब्बे में स्टेनलैस स्टील के पैनल का उपयोग।  

***

 

 वीके/जेके/सीएल-3873


(रिलीज़ आईडी: 1503707) आगंतुक पटल : 39