स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय

श्री जे पी नड्डा ने बिलासपुर में एम्स के लिए प्रधानमंत्री का हार्दिक आभार व्यक्त किया 

प्रधानमंत्री 3 अक्टूबर को आधारशिला रखेंगे 

प्रविष्टि तिथि: 24 SEP 2017 2:21PM by PIB Delhi

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे पी नड्डा ने आज हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में एम्स को मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का हार्दिक आभार व्यक्त किया। पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के लोगों की ओर से  श्री नड्डा ने 3 अक्टूबर को प्रमुख राष्ट्रीय चिकित्सा संस्थान के शिलान्यास हेतु सहमत होने के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में एनडीए सरकार की उपलब्धियों की सूची में ‘एम्स बिलासपुर’ एक और मील का पत्थर है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और दूरदर्शी नेतृत्व में मंत्रालय देश में तृतीयक स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ‘एम्स बिलासपुर’ न केवल हिमाचल प्रदेश,  बल्कि अन्य उत्तरी राज्यों की विशाल आबादी को भी अत्‍यंत आवश्‍यक तृतीयक चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेगा।
 

श्री नड्डा ने कहा कि स्वास्थ्य किसी भी राज्य की विकास गाथा में एक अत्‍यंत महत्वपूर्ण आधार होता है और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के रूप में एक व्यावहारिक एवं प्रगतिशील नेता के मार्गदर्शन में हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य के क्षेत्र में काफी लाभान्वित हुआ है। श्री नड्डा ने कहा कि ‘एम्स बिलासपुर’ अपनी विविध चिकित्‍सा सुविधाओं के बल पर  इस पहाड़ी राज्य को व्यापक विकास और तरक्‍की की ओर अग्रसर करेगा।

***

वीके/आरआरएस/एसएस -  3903  


(रिलीज़ आईडी: 1503849) आगंतुक पटल : 37