प्रधानमंत्री कार्यालय
वाराणसी में प्रधानमंत्री
प्रविष्टि तिथि:
22 SEP 2017 6:55PM by PIB Delhi
· दीनदयाल हस्तकला संकुल राष्ट्र को समर्पित किया
· वाराणसी और वडोदरा के बीच महामना एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई
· अनेक विकास परियोजनाओं का शुभारंभ
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज वाराणसी में हस्तशिल्प के लिए एक व्यापार सुविधा केंद्र - दीनदयाल हस्तकला संकुल राष्ट्र को समर्पित किया। प्रधानमंत्री ने नवंबर 2014 में इस केंद्र की आधारशिला रखी थी। आज उन्होंने इसे राष्ट्र को समर्पित करने से पहले मंच पर जाने से पूर्व इस केंद्र का दौरा किया और वहां विकसित सुविधाओं को देखा–परखा।
श्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो लिंक के माध्यम से महामना एक्सप्रेस रेल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रेल वाराणसी को गुजरात के सूरत और वडोदरा से जोड़ेगी।
प्रधानमंत्री ने शहर में विभिन्न विकास कार्यों की आधारशिला रखने और राष्ट्र को समर्पित करने के लिए पट्टिकाओं का अनावरण किया। उन्होंने उत्कर्ष बैंक की बैंकिंग सुविधाओं का उद्घाटन किया और इस बैंक के मुख्यालय भवन की आधारशिला की पट्टिका का भी अनावरण किया।
प्रधानमंत्री ने वीडियो लिंक के माध्यम से जल एंबुलेंस सेवा और जल शव वाहन सेवा वाराणसी की जनता को समर्पित किया। उन्होंने बुनकरों और उनके बच्चों को औजार की किट और सौर ऊर्जा लैंप वितरित किए।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि 1000 करोड़ रूपये से ज्यादा लागत की परियोजनाओं का एक मंच से लोकार्पण अथवा उनकी आधारशिला रखी गई है।
उन्होंने व्यापार सुविधा केंद्र को वाराणसी के लिए लंबे समय की सबसे बड़ी परियोजनाओं में से एक बताया। उन्होंने कहा कि इस केंद्र से दस्तकारों और बुनकरों को दुनिया के सामने अपनी दक्षता प्रदर्शित करने में मददगार होगा और उन्हें अपना भविष्य उज्जवल बनाने में सुविधा प्रदान करेगा। उन्होंने लोगों से कहा कि वे सभी पर्यटकों को इस केंद्र में आने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि इससे हस्तशिल्प की मांग में बढ़ोतरी होने के साथ-साथ वाराणसी की पर्यटक क्षमता, वस्तुत: शहर की अर्थव्यवथा में भी तेजी आएगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकास के माध्यम से सभी समस्याओं का समाधान मुमकिन है। उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान गरीब लोगों और उनकी अगली पीढ़ियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की ओर केंद्रित है। इस संदर्भ में उन्होंने उत्कर्ष बैंक के प्रयासों की सराहना की।
आज शुरू हुई जल एंबुलेंस और जल शव सेवा का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ये विकास, यहां तक कि जल मार्गों के माध्यम से एक अभियान का सूचक है।
महामना एक्सप्रेस के संबंध में प्रधानमंत्री ने उल्लेख किया कि वडोदरा और वाराणसी ऐसे दो निर्वाचन क्षेत्र हैं जहां से उन्होंने 2014 में संसदीय चुनाव लड़ा था और अब वे रेलवे के माध्यम से जुड़ रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश तेजी से प्रगति कर रहा है और राष्ट्र के हित में कड़े निर्णय लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्वी भारत की प्रगति देश के पश्चिमी भाग से जरूर मेल खानी चाहिए और आज शुरू हो रही परियोजनाओं से इस उद्देश्य को प्राप्त करने में काफी मदद मिलेगी।
*****
अतुल तिवारी/शाहबाज हसीबी/बाल्मीकि महतो/सुरेन्द्र कुमार
(रिलीज़ आईडी: 1503910)
आगंतुक पटल : 33